हरियाणा के भिवानी में सीआईए स्टाफ द्वितीय ने हरियाणा पुलिस के सिपाही भर्ती परीक्षा में धोखाधड़ी करके पेपर पास करवाने के मामले में दो आरोपियों को किया गिरफ्तार है। सुरक्षा एजेंट ने थाना सदर पुलिस को एक शिकायत दर्ज करवाई थी। जिसमें सुरक्षा एजेंट ने प्रबंधक थाना सदर को बताया कि जिले में एक गिरोह है जो हरियाणा पुलिस की सिपाही भर्ती परीक्षा वर्ष 2021 में दूसरे के स्थान पर परीक्षा देने का काम करते हैं।
वे अभ्यर्थियों के आधार कार्ड व एडमिट कार्ड में फोटो की मिक्सिंग करके अभ्यर्थी की जगह दूसरे के स्थान पर परीक्षा देने व दिलवाते हैं। गिरोह के सदस्य धोखाधड़ी करके पेपर में अन्य फर्जी अभ्यर्थी को बैठाकर पेपर पास करवाते हैं। इस संदर्भ में पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की।
मामले में सीआईए स्टाफ द्वितीय भिवानी के सहायक उप निरीक्षक रमेश ने हरियाणा पुलिस भर्ती परीक्षा वर्ष 2021 में धोखाधड़ी करके अभ्यर्थी की जगह दूसरे व्यक्ति को बैठाकर पेपर पास करवाने के मामले में दो आरोपियों को जिला जींद से गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान जींद के गांव जुलाना निवासी अमित व जींद निवासी योगेश के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी अमित ने बताया कि वह पेपर में दूसरा उम्मीदवार बैठाने वाले की फोटो एडिट किया करता था। वहीं, आरोपी योगेश आधार कार्ड में मिक्सिंग करके नकली आधार कार्ड तैयार किया करता था। पुलिस के जांच अधिकारी एएसआई रमेश ने बताया कि इस मामले में अभी तक पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।