बहल में एटीएम उखाड़ ले गए चोर।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
हरियाणा के भिवानी के बहल कस्बे के झुंपा रोड पर लगी एचडीएफसी बैंक के एटीएम को बदमाश कार से रस्सी बांधकर उखाड़ ले गए। बदमाश एटीएम को करीब तीन किमी दूर सुरपुरा खुर्द गांव के खेतों में ले गए, जहां काटकर नकदी चोरी का प्रयास किया मगर कामयाबी नहीं मिली। आखिरकार वे खेतों में ही मशीन को छोड़कर भाग गए। एटीएम में उस समय करीब पौने दो लाख रुपये थे। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने बैंक अधिकारियों को सूचित किया और एटीएम को अपने कब्जे में लिया।
बहल कस्बे में एचडीएफसी बैंक ने अभी शाखा की शुरुआत नहीं की है पर झुंपा रोड पर बैंक का एटीएम है। एटीएम में करीब पौने दो लाख रुपये का कैश था। गुरुवार सुबह करीब चार बजे बदमाशों ने एटीएम को कार से रस्से से बांधा और उसे खिंचकर उखाड़ दी। बदमाश उसे करीब तीन किमी दूरी तक घसीटते हुए ले गए।
बदमाशों ने एटीएम को तोड़कर उसमें से पैसे निकालने की कोशिश की पर कामयाब नहीं हुए। इसके बाद वे एटीएम को सुरपुरा खुर्द गांव की सीमा में सड़क किनारे फेंक दिया और फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और एटीएम को कब्जे में लिया और बैंक अधिकारियों को घटना के बारे में सूचित किया।
दोपहर बाद रोहतक से बैंक अधिकारी मौके पर पहुंचे और मशीन में डाले गए कैश का मिलान किया। पुलिस के अनुसार, अधिकारियों ने बताया कि एटीएम में 1,74,500 रुपये का कैश था, जो कि सुरक्षित है। पुलिस ने एजीएस ट्रांसक्ट टेक लिमिटेड कंपनी के सीनियर फील्ड एक्जिक्यूटिव प्रदीप सूरी के बयान पर विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
यह वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई। सीसीटीवी फुटेज में वीरवार की सुबह करीब सवा चार बजे तीन युवक एटीएम को रस्सा बांधकर कार के पीछे बांधते नजर आ रहे हैं। तीनों युवकों ने अपने मुंह कपड़े से ढक रखे थे और तीनों की उम्र करीब 35 से 40 साल के करीब है। आरोपियों का सुराग लगाने के लिए पुलिस अभी आसपास की दूसरी फुटेज को भी खंगालेगी।
बदमाशों के खिलाफ एटीएम तोड़ने का केस दर्ज कर लिया है। जांच की जा रही है। सीसीटीवी में भी चेहरे नजर नहीं आ रहे। फिर भी हमारा प्रयास है कि जल्द से जल्द बदमाश पकड़े जाए। - राजेंद्र सिंह, जांच अधिकारी, बहल पुलिस थाना