बोर्ड परीक्षा के दौरान एक परीक्षार्थी ने नकल पकड़े जाने के डर से जोहड़ में कूद कर भागने की कोशिश की। परीक्षार्थी के जोहड़ में कूदने पर पीछे से केंद्र में तैनात पुलिसकर्मी ने भी छलांग लगा दी और उसे पकड़ लिया।
बाद में परीक्षार्थी ने बताया कि उसकी जेब में नकल थी और एसडीएम के फ्लाइंग स्क्वॉयड आने पर पकड़े जाने के डर से भागा था। स्क्वॉयड ने परीक्षार्थी की यूएमसी बना दी।
शुक्रवार सुबह की पाली में 12वीं का गणित रि-अपीयर का पेपर था। करीब साढ़े 12 बजे झाडू सिंह चौक स्थित शहीद दलबीर राजकीय सीनियर सेकंडरी स्कूल के परीक्षा केंद्र में एसडीएम की फ्लाइंग स्क्वॉयड टीम पहुंची। नायब तहसीलदार राजकुमार और टीम के अन्य सदस्यों ने परीक्षार्थियों की जांच शुरू कर दी।
इसी दौरान एक परीक्षार्थी उठकर वहां से भागा। परीक्षार्थी को भागता देखकर पुलिस कर्मचारी राजीव कुमार भी उसके पीछे दौड़ पड़ा। पुलिस को पीछे आते देख परीक्षार्थी ने केंद्र की दीवार फांदते हुए जोहड़ में छलांग लगा दी।
पुलिसकर्मी भी उसे पकड़ने के लिए जोहड़ मेें कूद पड़ा। पुलिसकर्मी ने परीक्षार्थी को जोहड़ से बाहर निकालकर फ्लाइंग स्क्वॉयड टीम को सौंपा। पुलिसकर्मी और टीम की सख्ती देख केंद्र के बाहर से नकल करा रहे युवक भाग निकले।
केंद्र में मच गई थी अफरा-तफरी
परीक्षार्थी के भागते हुए केंद्र में स्टाफ के बीच अफरा तफरी का माहौल हो गया। कमरे में तैनाम शिक्षक ने फौरन परीक्षार्थी का पेपर उठाकर अपने कब्जे में ले लिया और फ्लाइंग स्क्वॉयड को सौंप दिया।
परीक्षार्थी बोला, जेब में थी पर्ची, फंसने का था डर
परीक्षार्थी से फरार होने का कारण पूछा गया तो उसने बताया कि फ्लाइंग आने के समय उसकी जेब में पर्चियां थी। कहीं पकड़ा न जाएं, बस इसी डर से वह मौके से फरार हुआ था। इसके बाद तो परीक्षार्थी फ्लाइंग स्टॉफ से लगातार माफी मांगता रहा लेकिन, प्रशासनिक अमले ने उसकी एक न सुनी और यूएमसी बनाकर उसे घर भेज दिया।
भागते हुए पुलिसकर्मी से बोला, दम है तो पकड़ के दिखा
परीक्षार्थी को पकड़ने वाले पुलिस कर्मचरी राजीव कुमार ने बताया कि शक होने पर परीक्षार्थी को उसने रुकने को कहा तो उसने जवाब दिया कि दम है तो मुझे पकड़कर दिखाओ। उसको भागते देख पीछा किया।
वर्जन--
पकड़े जाने पर छात्र ने बताया कि उसकी जेब मं पर्चियां थीं और पकड़े जाने के डर से वो फरार हुआ था। बाद में उसकी तलाशी ली, लेकिन उसकी जेब से पर्चियां नहीं मिलीं। परीक्षा केंद्र से फरार होने पर उसका यूएमसी बना दिया गया है।
- राजकुमार, नायब तहसीलदार
फोटो 01
जोहड़ में कूदे परीक्षार्थी को बाहर निकालने के बाद केंद्र तक लेकर जाता पुलिस कर्मचारी।