छात्र ने फोड़ा सरकारी स्कूल के प्राध्यापक का सिर
- फोटो : संवाद
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा 12वीं का रिजल्ट रोके जाने से नाराज एक छात्र ने अपने साथियों के साथ मिलकर सरकारी स्कूल के टीचर का डंडे से सिर फोड़ डाला। छात्र अपने दोस्तों के साथ मिलकर सरकारी स्कूल पहुंचा और रिजल्ट रोके जाने पर पहले तो हंगामा किया और फिर टीचर का डंडे से सिर फोड़ दिया।
गंभीर हालत में अध्यापक को जिला नागरिक अस्पताल में दाखिला कराया गया। वहीं मामले की सूचना पुलिस को दी। बताया जा रहा है कि विद्यार्थी प्रायोगिक परीक्षा में गैर हाजिर था, इसी वजह से उसका रिजल्ट रोका गया था। मामला गांव सांगा के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का है।
जिले के गांव मदीना के रहने वाले स्कूल प्राध्यापक राजकुमार ने बताया कि उसकी ड्यूटी गांव सांगा के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में है। उसने बताया कि वह स्कूल में बच्चों को हिंदी विषय पढ़ाते हैं। उनके स्कूल में पढ़ने वाले 12वीं कक्षा के छात्र का प्रायोगिक परीक्षा में अनुपस्थित रहने के कारण हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने रिजल्ट रोक लिया।
छात्र इससे नाराज होकर अपने साथियों को लेकर स्कूल में पहुंच गया। सभी युवकों के हाथों में डंडे थे। छात्र व उसके साथियों ने स्कूल के अंदर घुसकर स्कूल स्टाफ के साथ गाली गलौज शुरू कर दिया। राजकुमार ने छात्रों को रोकना चाहा तो 12वीं कक्षा के छात्र ने उनके सिर पर डंडे से हमला कर दिया। इससे उसका सिर फूट गया और वह खून से लथपथ हो गया।
इसको लेकर स्कूल में करीब एक घंटे तक हंगामा हुआ। घायल स्कूल प्राध्यापक राजकुमार को स्कूल स्टाफ ने भिवानी के नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया हैं। सदर थाना पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।