सामान्य अस्पताल से विवादों का नाता खत्म नहीं हो रहा। जांच रिपोर्ट को लेकर बुधवार को फिर अस्पताल में हंगामा हुआ। महिला मरीज और परिजनों ने लैब कर्मचारियों पर मारपीट और दुर्व्यवहार के आरोप लगाए हैं। इसकी शिकायत सीएमओ को दी है। उधर, डेंगू के सैंपल भेजने में देरी भी मरीजों ने आपत्ति जताई।
केलंगा गांव निवासी सूरजभान की पत्नी अनीता ने गत तीन अक्टूबर को सामान्य अस्पताल में टीबी टेस्ट कराया था। अनीता के मुताबिक, रिपोर्ट के लिए उसे बुधवार को बुलाया गया था। तय समय पर वह रिपोर्ट लेने पहुंची तो वहां उसका कोई रिकॉर्ड नहीं था।
जवाब मांगा तो ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी तत्काल अंगुली से खून लेकर रिपोर्ट तैयार करने लगे। पांच दिनों में मिलने वाली रिपोर्ट तत्काल देने पर आपत्ति जताई तो हंगामा शुरू हो गया।
महिला का आरोप है कि कर्मचारियों ने उसके और परिजनों के साथ मारपीट की। काफी देर हंगामे के बाद अन्य कर्मचारियों ने बीचबचाव कर परिजनों को वहां से हटाया। बाद में उन्होंने इसकी लिखित शिकायत सीएमओ को भी दी।
इस संबंध में सीएमओ डॉ. रमेश धनखड़ ने कहा कि मामले की जांच की जाएगी। अगर कोई गड़बड़ी मिली तो संबंधितों पर कार्रवाई होगी।
----
इनसेट
घंटों टेबल पर रहे डेंगू के सैंपल
डेंगू के बढ़ते डंक के बावजूद सामान्य अस्पताल में इसकी जांच में लापरवाही बरती जा रही है। विद्यानगर निवासी अमित का आरोप है कि उसने अपनी पत्नी प्रियंका के खून का सैंपल जांच के लिए सामान्य अस्पताल में मंगलवार को दिया था। पांच घंटे तक सैंपल टेबल पर पड़ा रहा। बुधवार दोपहर बार रिपोर्ट मिली तो उसमें डेंगू पॉजीटिव बताया गया। अमित ने इसकी शिकायत सीएमओ से भी की है। सीएमओ डॉ. रमेश धनखड़ ने इस मामले में जांच की बात कही है।