80 फीसदी जिला पुलिस शनिवार की रात सड़कों पर जांच अभियान में जुटी थी। सभी वाहन की जांच करने के साथ गुजरने वाले वाहन चालकों और उसमें सवार लोगों की आईडी चेक की जा रही थी। दरअसल यह सब पुलिस की ओर से चलाए गए नाइट डोमिनेशन अभियान के मद्देनजर किया जा रहा था।
शनिवार रात करीब 10 बजे एक साथ भारी पुलिस फोर्स सड़क पर उतरी। जांच अभियान में सभी थाना और चौकी प्रभारियों, पुलिस फोर्स के साथ डीएसपी भी शामिल रहे। होटल-रेस्टोरेंट व धर्मशालाओं की भी जांच की। छह घंटे तक चले नाइट डोमिनेशन अभियान के दौरान जिलेभर मेें 1362 छोटे-बड़े वाहनों की जांच की गई। इनमें 86 वाहनों के चालान किए गए तो 15 वाहनों को इंपाउंड किया गया। साथ ही 13 संदिग्ध लोगों के स्टेजर रोल काटे गए। डीएसपी हेड क्वार्टर चंद्रपाल बिश्नोई ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नाइट डोमिनेशन अभियान चलाया गया था। इसका मकसद आपराधिक तत्वों पर नकेल लगाना, उन्हें पकड़ना है।