महराजगंज। नेता सुरहुरवा में गोकशी के मामले में पुलिस ने रविवार को तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। वह गोरखपुर भागने की कोशिश में थे कि इस दौरान पकड़े गए। दो अभियुक्तों को पुलिस जल्द ही गिरफ्तार कर लेगी।
एसपी भारत सिंह के निर्देश पर सदर कोतवाली पुलिस अभियुक्तों की तलाश में जुटी थी कि मुखबीर से सूचना मिली कि गोकशी के तीन अभियुक्त जीएम मार्ग पर गोरखपुर भागने के लिए किसी गाड़ी का इंतजार कर रहे हैं। इस सूचना पर विश्वास करके टीम मौके पर पहुंची और भागते समय बजीउल्लाह, अनवर, सुभान निवासी नटवा को गिरफ्तार किया। पुलिस के पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे घटना में शामिल थे। 2002 में वह गोकशी के मामले में जेल जा चुके हैं।
घटना के दिन उसके दो साथी भी शामिल थे। पुलिस के अनुसार तीनों थाने के हिस्ट्रीशीटर हैं। बता दें कि ईद के दिन सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के नेता सुरहुरवा में नहर के पास प्रतिबंधित मांस मिला था। उस मामले में पुलिस ने अज्ञात लोगों पर केस दर्ज किया था। तभी से उनकी तलाश जारी थी।