भिवानी के गांव तालु में लावारिस पशुओं से फसल की रखावली करने खेत गए किसान की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। परिजनों ने हत्या का आरोप गांव के ही तीन लोगों पर लगाया है, जिनमें आरोपी पिता-पुत्र और एक अन्य है। मामले की सूचना मिलने पर सदर पुलिस थाना प्रभारी जयसिंह अपनी टीम सहित घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का मुआयना किया। पुलिस ने मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
मृतक कुलदीप का पिता सतबीर भी खेतीबाड़ी करता है। कुलदीप दो बहनों का इकलौता भाई था और वह एक बेटा और एक बेटी का पिता था। कुलदीप की हत्या की वजह से दो बहनों से भाई और दो मासूमों के सिर से पिता का साया उठा गया है। नागरिक अस्पताल के पहुंचे सतबीर बेटे की मौत के कारण उनके आंसू रोक नहीं पाए।
हत्या की प्रारंभिक जांच के दौरान सदर थाना प्रभारी जयसिंह ने बताया कि उन्हें मौके पर शराब की खाली बोतल और गिलास मिले है। इससे यह प्रतीत होता है कि वहां बैठकर सब लोगों ने पहले शराब पी है, जिसके बाद उनका झगड़ा हुआ है और आरोपियों ने इस घटना का अंजाम दिया। वहीं अभी तक पुरानी रंजिश की कोई बात सामने नहीं आई है।
कुलदीप हत्या मामले की सूचना मिलने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हितेश भी अपनी टीम के साथ नागरिक अस्पताल पहुंचे। उन्होंने सदर थाना प्रभारी और जांच अधिकारी एसआई विकास से मामले की पूरी जानकारी ली और मामले की गहना के जांच की बात कही। इसके बाद उन्होंने मृतक कुलदीप के परिजनों से बात की और उन्हें उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
गांव तालु निवासी कुलदीप की लाठी-डंडों से पीटाई कर हत्या का मामला सामने आया है। इस संबंध में मृतक के पिता सतबीर के बयान पर आरोपी पिता-पुत्र सहित तीन के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है, जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। - जयसिंह, प्रभारी, सदर पुलिस थाना।