हिसार में जीजेयू प्रकरण को लेकर तापमान के साथ ही सियासी पारा भी चढ़ गया है। जेजेपी के युवा प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने आरोप लगाया कि वीरवार को भिवानी में भी बिना नंबर प्लेट की बोलेरो से पुलिस ने उनका पीछा किया। वहीं, दिग्विजय ने कहा कि हिसार से आर-पार की लड़ाई शुरू होगी। आंदोलन को सफल बनाने के लिए वे गांव, परिवार, पंचायतों, खापों व किसान संगठनों का समर्थन लेंगे।
चौधरी देवीलाल सदन में दिग्विजय सिंह चौटाला ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में हिसार में 27 अप्रैल को छात्र महापंचायत को सफल बनाने के लिए विचार-विमर्श किया। हिसार में एक-दो दिन की नहीं, बल्कि लंबी लड़ाई होगी। उन्होंने कहा कि सरकार की कुर्सी को हिलाने और सबक सिखाने के लिए वे संगठित हो रहे हैं। मुख्यमंत्री नायब सैनी के जांच करवाने के बयान पर उन्होंने कहा कि दो गमले टूटने पर एफआईआर हो गई लेकिन बंदूक दिखाने पर अब तक एफआईआर नहीं हुई। उन्होंने कहा कि वे मुख्यमंत्री का आदर करते हैं लेकिन उन्हें पानी की गहराई मापने की कोशिश नहीं करनी चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि आधी रात को छात्रों को उठाने वाली टीम को लीड करने वाला डीएसपी एसआईटी का हेड कैसे हो सकता है। ऐसे में न्याय कैसे होगा। दिग्विजय चौटाला ने आरोप लगाया कि भिवानी आते समय बिना नंबर की बोलेरो ने उनका पीछा किया। उन्होंने बताया कि इस संबंध में एसपी भिवानी को फोन पर शिकायत की गई है। उनके अनुसार पुलिस की बिना नंबर और काले शीशे वाली गाड़ी थी और जब वे वीडियो बनाने लगे तो वह बामला गांव में घुस गई।
आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल से मुलाकात पर दिग्विजय चौटाला ने कहा कि यह औपचारिक मुलाकात थी और भाजपा के खिलाफ वे मिलकर खड़े होंगे। उन्होंने कहा कि भाकियू के किसान नेता राकेश टिकैत की सलाह पर वे अपने गांव को एकजुट करेंगे। खापों, पंचायतों और किसान संगठनों के पास जाएंगे और छात्रों को न्याय दिलाने के लिए समर्थन मांगेंगे। उन्होंने कहा कि उनका परिवार एक है और आदित्य व सुनैना सहित परिवार के मुखिया रणजीत चौटाला ने भी हिसार घटना को गलत बताया है।
उन्होंने कहा कि गांव को इकट्ठा करेंगे तो वे अपने सभी चाचा (अभय) और ताऊओं को भी बुलाएंगे। इस मौके पर जिला अध्यक्ष जितेंद्र शर्मा, कृष्ण बजीना, इनसो प्रदेशाध्यक्ष दीपक मलिक, राजवीर तालू, जगदीश धनाना, ऋषिपाल फोगाट, अजमेर सरपंच, देवेंद्र नकीपुर, सुलोचना पोटलिया, कृष्ण वर्मा और जरनैल सिंह मौजूद रहे।