हरियाणा के भिवानी में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हुए मुंढाल निवासी संदीप ने हिसार के निजी अस्पताल में सोमवार देर रात को उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। संदीप जिस महिला के साथ सहमति संबंध में रह रहा था, उसके पति ने सिर में दो गोलियां दाग दी थीं। संदीप की मौत के बाद पुलिस ने आरोपी विक्रांत के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। हालांकि हत्या के आरोपी को पुलिस ने वारदात के बाद ही गिरफ्तार कर लिया था, जबकि एक अन्य व्यक्ति व महिला अभी फरार हैं।
मुंढाल खुर्द निवासी जगदीश ने सदर पुलिस थाने में दी शिकायत में बताया था कि उसके दो बेटे हैं। बड़ा मंदीप शादीशुदा है, जबकि छोटा संदीप अभी अविवाहित था। उसका छोटा बेटा संदीप करीब 15-20 दिन पहले ही सोनीपत जिले की महिला को अपने घर सहमति संबंध में रहने के लिए लाया था। महिला दो बच्चों की मां है। उसके पति विक्रांत ने पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट रोहतक पुलिस में दर्ज कराई थी।
रोहतक पुलिस ने महिला के बयान दर्ज कराए तो उसने पति विक्रांत के साथ रहने से साफ इनकार कर दिया और फिर वापस उसके बेटे संदीप के साथ मुंढाल खुर्द में रहने के लिए आ गई। सोमवार को जगदीश अपनी पत्नी राजबाला, लड़के संदीप व मंदीप और उक्त महिला के साथ घर में मौजूद था कि इसी दौरान लाल रंग की गाड़ी में उसका पति विक्रांत, महिला की बहन और एक अन्य युवक भी उनके घर आ गए।
पहले तो महिला और संदीप के साथ उन लोगों ने बैठकर बात की। इसी दौरान विक्रांत तैश में आ गया और जेब से पिस्तौल निकाल उसके बेटे संदीप के सिर में दो गालियां दाग दीं। खून से लथपथ संदीप को हिसार के एक निजी अस्पताल ले जाया गया था, जहां देर रात उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
विक्रांत को परिजनों की मदद से पुलिस ने मौके पर ही पकड़ लिया था। उसके खिलाफ सदर थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया था, जबकि इस मामले में महिला की बहन व एक अन्य पर भी केस दर्ज है। पुलिस अब महिला की बहन और एक अन्य की तलाश में जुटी है।
उत्तरप्रदेश से 68 हजार में खरीद कर लाया था अवैध हथियार
हत्या के आरोपी विक्रांत से पुलिस को एक देसी पिस्तौल, छह कारतूस व एक मैगजीन बरामद की है। पुलिस पूछताछ में विक्रांत ने बताया कि अवैध हथियार व कारतूस उत्तरप्रदेश से 68 हजार रुपये में खरीदकर लाया था। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। इस दौरान पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
आरोपी को रिमांड पर लिया है
गोली लगने से गंभीर रूप से घायल मुंढाल निवासी संदीप ने हिसार अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हत्या का केस दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस ने शव का हिसार में पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसका पुलिस रिमांड मिला है। आरोपी से हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद किया है। - पवन कुमार, प्रभारी, सदर पुलिस थाना भिवानी।