गांव कलियाणा स्थित देशी शराब ठेके पर वीरवार सुबह बाइक सवार दो युवकों ने कारिंदे से हजारों की नकदी व मोबाइल लूट लिया। घटना के बाद लुटेरे मौके से फरार हो गए। पीड़ित कारिंदे ने मामले की शिकायत सदर थाना पुलिस को दी है। पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
गांव नारनौंद निवासी जितेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह गांव कलियाणा स्थित देशी शराब ठेके पर बतौर कारिंदा कार्यरत है। वीरवार सुबह करीब पांच बजे बाइक पर सवार होकर दो युवक ठेके पर आए और जितेंद्र से शराब की बोतल मांगी।
ज्यों ही जितेंद्र उठा तो उक्त युवकों ने रिवाल्वर उसकी कनपटी पर लगा दी। इसके बाद उन्होंने जितेंद्र से नकदी देने की मांग की। उक्त दोनों लुटेरों ने नकदी न देने पर उसे गोली मारने की धमकी भी दी। इससे डरकर जितेंद्र ने वहां रखी 20 हजार की नकदी उन्हें थमा दी। इसके बाद बाइक सवार युवक उसका मोबाइल फोन छीन मौके से फरार हो गए। सदर थाना प्रभारी उदमीराम ने कहा कि अभी मामले की जांच की जा रही है जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी।