गांव पिचोपा कलां में वीरवार को जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हो गया। इसमें दोनो पक्षों से नौ लोग घायल हो गए। घायलों को दादरी सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घायलों के बयान दर्ज नहीं हो सके हैं।
पुलिस के अनुसार गांव पिचौपा कलां में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच आपसी कहासुनी हो गई। बाद में झगड़ा बढ़ गया।
बताया जाता है कि झगड़े में डंडे-लाठियों का प्रयोग किया जिससे एक पक्ष से कृष्ण, रविंद्र व राकेश तथा दूसरे पक्ष से रामनिवास, जोगेंद्र, मान सिंह,नवीन, संदीप व समर सिंह घायल हो गए। ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर झगड़े को शांत करवाया। घायलों को सिर, हाथ, कमर आदि में चोटें आई हैं। दोनो ही पक्ष एक- दूसरे पर पहले मारपीट का आरोप लगा रहे हैं। बाढड़ा पुलिस प्रवक्ता रविकांत ने बताया कि अभी घटना की सूचना नहीं मिली है। सूचना मिलते ही घायलों के बयान दर्ज कर अगली कार्रवाई की जाएगी।