भिवानी में फाइनेंसर सोनू की हत्या प्रॉपर्टी विवाद में की गई थी। प्रोपर्टी के चलते ही फाइनेंसर व हमलावरों का लेन-देन था। परिजनों का कहना है कि हमलावरों ने फाइनेंस पर रुपये लिए थे, और लौटाने की बजाए हमला कर हत्या की। फिलहाल पुलिस ने तीन के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
बस स्टैंड के पास अपने कार्यालय में सोए फाइनेंसर विद्यानगर वासी सोनू पर बृहस्पतिवार सुबह करीब आधा दर्जन युवकों ने तेजधार हथियारों से हमला कर दिया था। सिर व गर्दन पर गंभीर चोटों की वजह से पीजीआई में बृहस्पतिवार देर शांम उसकी मौत हो गई थी। शुक्रवार को पीजीआई में शव का पोस्टमार्टम हुआ। जिसके बाद उसके पैतृक गांव बरौदा (नजदीक गोहाना) में शांम को शव का अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस ने मामले में परिजनों के बयान पर तीन के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
मामले में मृतक के चचेरे भाई सुनील कुमार ने बताया कि फाइनेंस पर रुपये लेने के बाद लौटाने से बचने के लिए हमला किया गया। वहीं इस मामले मेें जैन चौक चौकी इंचार्ज सतपाल सिंह ने बताया कि मृतक और हमलावर एक साथ प्रॉपर्टी का काम करते थे। लेन-देन के चक्कर में ही हमला किया गया है। शिकायत पर तीन युवकों टिंडू, धीरज कालिया, चीचड के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।