भिवानी के लोहारू में सोमवार रात दुकान बंद करके लौट रहे दो व्यापारियों से बदमाशों ने एक लाख रुपये लूट लिए। मंगलवार को लोहारू पुलिस ने घटनास्थल के पास एक दुकान के बाहर लगे कैमरों से घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज जुटाने का प्रयास किया मगर पुलिस को निराशा हाथ लगी। शहर में सप्ताह भर में ही लूट की दूसरी वारदात के बाद नगर के व्यापारियों व नागरिकों में भय का माहौल व्याप्त है।
मंगलवार को पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो उसमें लूट में प्रयोग की कार की शक्ल के अलावा कुछ नजर नहीं आया। इसके अलावा फुटेज में कार के आगे एक टीवीएस मोटरसाइकिल भी रेकी करते हुए नजर आई परंतु यहां भी मोटरसाइकिल सवार नकाबपोश बना हुआ था तथा नंबर प्लेट गायब थी। उधर वारदात की सूचना मिलने के बाद लोहारू बाजार के प्रमुख व्यापारी व नागरिकों ने मंगलवार को पुलिस से मामले से जुड़े लोगों को तलाशने की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि अगर पुलिस ने बुधवार दोपहर तक मामले को ट्रेस आऊट नहीं किया तो वो बाजार बंद करेंगे। लोहारू थाना प्रभारी हितेंद्र ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है, सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है तथा पुलिस जल्द ही अपराधी को पकड़ लेगी।