सप्ताहभर पहले संदिग्ध हालत में गुम हुए दुकान के जरूरी कागजात के बदले कुछ युवकों ने फोन कर दुकानदार से दो लाख रुपये मांगे। दुकानदार के साथ जब रुपये लेकर पहुंचे तो उनके साथ मारपीट कर रुपये छीन बदमाश फरार हो गए। घटना चंदावास गांव की है। लूटपाट सूचना से हड़कंप मच गया। लोहारू और तोशाम थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मामला बृहस्पतिवार सायं करीब सात बजे का है। आठ जुलाई को खरकड़ी वासी आढ़ती मोहनलाल के दुकान से संबंधित जरूरी कागजात संदिग्ध परिस्थितियों गुम हो गए थे। मोहनलाल के लड़के नितेश की ढिगावा में दुकान है। कागजात चोरी हुए या गुम हुए इसे लेकर असमंजस की स्थिति है। जरूरी कागज अब कुछ शरारती युवकों के हाथ में है। जिन्होंने 14 जुलाई को दुकानदार के पास फोन कर कागजात के बदले पांच लाख रुपये की मांग की। मगर बाद में दो युवक दो लाख रुपये पर मान गए। फोन पर पहले पोहकरवास रुपये देने के लिए बुलाया गया और फिर कुड़लवास और फिर चंदावास। चंदावास के पास आढ़ती के एक साथी अजीत के सर में बोतल से हमलाकर रुपये छीनकर फरार हो गए। अजीत ने यह सूचना आढ़ती को दी और आढ़ती ने पुलिस कंट्रोल को घटना के बारे में सूचित किया। सूचना मिलते ही लोहारू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुकानदार से जानकारी ली। घटनास्थल तोशाम थाना क्षेत्र का है तो सूचना मिलते ही तोशाम थाना पुलिस भी एक्टिव हुई और जांच शुरू की।
पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि मारपीट कर रुपये छीने गए है। नाकेबंदी कर जांच की जा रही है। मामला तोशाम थाना क्षेत्र का है तो उन्हें भी सूचित किया गया है।
रोहताश, थाना प्रभारी, लोहारू थाना
रुपये छीने जाने की सूचना अभी आई है और वह अपनी टीम के साथ मौके पर जा रहे है। जैसी शिकायत आएगी, उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
कुलदीप सिंह, एसएचओ, तोशाम थाना