बवानीखेड़ा कस्बे के वार्ड नंबर छह में सोमवार शाम हमलावरों ने शराब ठेकेदार पर दनादन गोलियां बरसाईं। गोली ठेकेदार की कमर में लगी। मामले को अंजाम देेने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। हमले की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार ने मौके का मुआयना किया।
वारदात सोमवार शाम करीब पांच बजे कस्बे के वार्ड नंबर छह में हुई। बाइक सवार तीन युवकों ने शराब ठेकेदार अनिल उर्फ नन्दी पर गोलियां चलाकर जानलेवा हमला किया। अनिल ने भागकर अपने घर में घुसने की कोशिश की, लेकिन भागते समय अनिल में कमर में गोली लगी। जिसमें वह बुरी तरह घायल हो गया। घायल को गंभीर अवस्था में जिले के नागरिक अस्पताल में ले जाया गया। इसी दौरान अनिल ने थाना प्रभारी श्रीभगवान को फोन पर उसे गोली लगने की जानकारी दी। अनिल ने बताया कि वह शाम को अपने कार्यालय से बाइक पर घर की तरफ जा रहा था, तभी अचानक बाइक सवार तीन युवकों ने उस पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। उसने बताया कि वह बाइक से उतरकर अपने घर की तरफ पैदल भागने लगा। घर का दरवाजा खुलने से पहले उसे गोली लग गई। उसने बताया कि एक युवक अजय गुर्जर को उसने पहचान लिया है, दो अन्य को वह नहीं जानता है।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि आपसी रंजिश के चलते अनिल उर्फ नन्दी पर जानलेवा हमला किया गया है। अभी यह नहीं पता चल सका है कि हमलावर कितने लोग थे। उन्होंने बताया कि एक हमलावर युवक की उसके पिता द्वारा पहचान की गई है। जिस पर पहले भी बवानीखेड़ा थाना में मामले दर्ज हैं। पुलिस जांच में जुटी है जल्द ही सभी हमलावर पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
थाना प्रभारी श्री भगवान ने बताया कि घायल नन्दी ने उनको फोन कर बताया था कि उसको तीन हमलावरों ने गोली मार दी है। घायल को एक गोली लगी है और कई जगह गोलियों के छर्रे लगे हैं। उन्होंने बताया कि अनिल उर्फ नन्दी के ब्यान पर अजय गुर्जर व अनूप यादव और एक अन्य के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 307 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
--