भिवानी के निनान गांव में युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक का शव झाड़ियों के बीच उलटा पड़ा था। शव मिलने की सूचना पर खासी संख्या में ग्रामीण देखने पहुंचे। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल लेकर आई। यहां शव देखने के बाद चिकित्सक ने पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया।
निनान गांव में स्थित एक होटल और जलघर टैंक के बीच खाली जगह में उगी झाड़ियों में रात करीब साढ़े नौ बजे एक व्यक्ति का शव देखा गया। यहां शौच के लिए गए एक व्यक्ति ने शव को देखा और इसकी सूचना होटल पर आकर दी। जिसके बाद पुलिस को सूचित किया। सदर थाना पुलिस रात को ही मौके पर पहुंची। सुबह दोबारा जाकर मौके का मुआयना किया और मृतक की पहचान के लिए प्रयास किया।। काफी प्रयास के बाद भी पहचान नहीं होने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सक ने जांच के बाद शव को पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। इसके लिए दलील दी गई कि शव दो-तीन दिन पुराना है और यहां पोस्टमार्टम नहीं हो सकता। मृतक की उम्र करीब 25-26 वर्ष है जो देखने से प्रवासी मजदूर लग रहा है। मामले में सदर थाना से एसआई सत्यनारायण ने बताया कि देखने से लगता है कि अत्यधिक गर्मी या शराब पीने से युवक की मौत हुई है। शव को मंगलवार को पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई रोहतक ले जाया जाएगा। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारणों का पता लग पाएगा।
बाल आश्रम से बच्चा लापता, 24 दिन बाद दी शिकायत
भिवानी के बाल आश्रम से बच्चों के लापता होने का सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा है। अब एक और बच्चा लापता होने की सूचना मिली है। बच्चा दो जून को लापता हुआ मगर आश्रम स्टाफ ने 24 दिन बाद रविवार को इसकी शिकायत चौकी में दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में बाल आश्रम के सुपरिंटेंडेंट आरएन शर्मा ने बताया कि दो जून को इमरान नामक किशोर आश्रम से लापता हो गया। आसपास काफी तलाश की मगर कहीं पता नहीं लगा। जिसके बाद इसकी शिकायत टीआईटी चौकी में दी। मामले में टीआईटी चौकी से एएसआई संजय कुमार ने बताया कि बच्चा दो को लापता हुआ है। हमारे पास रविवार को शिकायत आई और उसी दिन मामला दर्ज कर लिया है। तलाश की जा रही है।
युवती लापता, युवक पर मामला दर्ज
भिवानी के मुंढाल चौकी क्षेत्र के एक गांव से एक युवती संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। परिजनों ने जींद के एक युवक पर अपहरण का आरोप लगाया। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
मुंढाल चौकी क्षेत्र के एक गांव से 24 जून की रात संदिग्ध परिस्थितियों में 18 वर्षीय युवती लापता हो गई। परिजनों ने आसपास तलाश करने के बाद इसकी सूचना मुंढाल चौकी में दी। परिजनों ने जींद के एक युवक पर अपहरण का आरोप लगाया। मामले में मुंढाल चौकी से एएसआई ओमप्रकाश ने बताया कि युवती के परिजनों की शिकायत पर जींद के कचाना वासी संदीप नामक युवक के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया गया है। आरोपी युवक व लापता युवती की तलाश की जा रही है।