भिवानी में सीआईए पुलिस कर्मी बन सीआरपीएफ का भगोड़ा जवान लोगों को ठग रहा था। किसी से केस निपटवाने के नाम पर रुपये ऐंठ रहा था तो किसी को होम गार्ड लगवाने के नाम पर। बुधवार को मालगोदाम रोड पर एक व्यक्ति का पर्स छीनने पर उक्त फर्जी सीआईए पुलिस कर्मी पकड़ा गया और फिर एक के बाद एक सारे खुलासे हुए। पुलिस ने युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला बुधवार सुबह करीब 11 बजे का है। मालगोदाम रोड पर एक व्यक्ति ने कृष्णा कॉलोनी वासी राज कुमार नामक व्यक्ति का पर्स छीन लिया। जिसमें करीब दो सौ रुपये थे। जिस पर विवाद हुआ और आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया। पुलिस ने पकड़ा तो धोखाधड़ी व फर्जीवाड़े के एक के बाद एक मामले खुलते गए। जांच में सामने आया कि लोहारू क्षेत्र के गांव बुढेड़ा वासी उक्त व्यक्ति सोमबीर ठग है। सीआरपीएफ की नौकरी बीच में छोड़कर भगौड़ा होया हुआ है। जांच में सामने आया कि पर्स छिनने के अलावा वह अनेक लोगों को सीआईए पुलिस स्टाफ का सदस्य बताकर ठग चुका है। कुछ का केस रफा-दफा करने के नाम पर रुपये ठगे तो कुछ को होम गार्ड का जवान लगवाने के नाम पर ठगे।
मामले में दिनोद गेट चौकी से इंचार्ज एएसआई गिरीराज ने बताया कि राज कुमार नामक व्यक्ति का पर्स छिनने पर बुढेड़ा निवासी सोमबीर को काबू किया गया है। कुछ लोगों ने सोमबीर पर फर्जी सीआईए कर्मचारी मिल ठगी करने का आरोप लगाया है। लिखित शिकायत अभी नहीं आई है। जांच की जा रही है।
साहब, म्हारे तो डॉक्युमेंट दिला दो
ठगी का शिकार हुए बापोड़ा गांव के युवक विक्रम और दीपक भी सूचना के बाद चौकी पहुंचे। दोनों ने बताया कि होमगार्ड लगवाने के नाम पर उनके कागजात लिये थे और 54 सौ रुपये प्रति के हिसाब से रुपये लिए थे। उन्हें कहा था कि बृहस्पतिवार को तुम्हें सीधे ही दादरी थाना में होमगार्ड लगवा देंगे। एक मंत्री का भांजा अपना दोस्त है। उन्हें बताया गया था कि वह स्वयं सीआईए में कार्यरत है। दोनों युवकों ने बताया कि उनके कागजात की कॉपी के साथ एक कोरे कागज पर भी हस्ताक्षर करवा रखे हैं। उन्हें उनके कागजात दिला दें और कुछ नहीं चाहिए। सूचना पर खाड़ी मोहल्ला से भी कुछ लोग चौकी पहुंचे और बताया उक्त ठग उन्हें सीआईए का कर्मचारी बता रहा था। उनके परिवार की एक महिला 15 जनवरी को लापता हो गई थी। उसकी बरामदगी के लिए 60 हजार रुपये मांगे गए। 20 हजार रुपये एक वकील को दिला दिए।