राष्ट्रीय राजमार्ग पर सरैया बाईपास के निकट मंगलवार रात अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत हो गई। पास मिले मोबाइल के आधार पर मृृतक की पहचान गोरखपुर जिले के गगहा क्षेत्र के नर्रे गांव निवासी उमेश कुमार पांडेय(50) के रूप में हुई। सूचना पर बुधवार को घर के लोग पहुंच गए।
गोरखपुर निवासी उमेश कुमार पांडेय पुत्र पारस नाथ परिवार के साथ कानपुर में रहते थे।
वे वहां पर इंवर्टर और बैट्री के मिस्त्री का काम करते थे। मंगलवार को उमेश कानपुर से बाइक से गोरखपुर जा रहे थे। अभी वे सरैयाबाईपास के पास पहुंचे थे कि एक अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। जिससे वे बुरी तरह से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं जानकारी के बाद कोतवाली पहुंचे गोलाबाजार(गोरखपुर) के बेलपार पाठक गांव निवासी मिथिलेश मिश्रा ने बताया कि उमेश कुमार पांडेय उनके बहनोई थे।
वे कानपुर में पत्नी अनुराधा व दो बेटों प्रवीण और आशुतोष के साथ रहते थे। वहीं सूूचना पर मृतक के बड़े भाई राकेश कुमार पांडेय भी कोतवाली पहुंचे। कोतवाल कमला यादव ने बताया कि रात में घना कोहरा था। जांच पड़ताल से प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि कोहरे की वजह से ही वे किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। जिससे उमेश कुमार पांडेय की मौत हो गई। पीड़ित परिजनों की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।