भिवानी में एक व्यक्ति ने बुजुर्ग महिला से 50 हजार रुपये उधार लिए। जब महिला ने वापस मांगे तो उसे ट्रेन के नीचे डाल हत्या करने की धमकी दी। महिला का आरोप है कि थाने के अलावा सीएम विंडो, आईजी कार्यालय के भी अनेक चक्कर लगाए मगर कोई सुनवाई नहीं हुई। अब पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
मामला 29 सितंबर 2015 का है। पुलिस को दी शिकायत में रामनगर कॉलोनी वासी महिला कुंती देवी ने बताया कि खरकड़ी फाटक के नजदीक रहने वाले संजीव कुमार का उसके घर आना-जाना था। एक बार जरूरत पड़ने पर संजीव ने उससे 50 हजार रुपये उधार मांगे। चेक से संजीव को रुपये उधारे दिए। कुछ समय बाद वापस मांगे तो संजीव मना करने लगा। उसके रिश्तेदारों से भी बातचीत की और उनके घर भी गए। हर बार धमकी देता कि उसके घर के पास रेलवे ट्रैक है जहां ट्रेनें चलती रहती है। तुझे ट्रेन के नीचे फेंक दूंगा। इसकी शिकायत उसने पुलिस में की। एसपी कार्यालय में की, सीएम विंडो पर की, कहीं कोई सुनवाई नहीं हुई। आईजी कार्यालय के भी आठ से दस बार चक्कर लगाए। अब आईजी कार्यालय से आए पत्र के बाद शहर थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है। मामले में बीटीएम चौकी से एएसआई संजय कुमार ने बताया कि महिला की शिकायत पर खरकड़ी रोड वासी संजीव के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।