हरियाणा व राजस्थान पुलिस के लिए सिरदर्द बने इनामी बदमाश रमेश प्रधान व उसके साथी अजय गोलागढ़ को गिरफ्तार कर लिया है। रमेश प्रधान बीकानेर के चर्चित करतार पूनिया ट्रांसपोर्टर हत्या मामले में मुख्य आरोपी है। 2013 में लोहारू में शराब कारोबारी को छह गोली मारने के मामले में भी नामजद है।
शनिवार को डीएसपी हेड क्वार्टर चंद्रपाल ने सीआईए थाने में मीडिया को दोनों बदमाशों की गिरफ्तारी की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भिवानी सीआईए पुलिस ने राजस्थान में बीकानेर के करतार पूनिया ट्रांसपोर्टर की 20 लाख रुपये की सुपारी लेकर हत्या कराने के मुख्य आरोपी एवं इनामी बदमाश रमेश प्रधान सलेमपुर व उसके साथी अजय गोलागढ के साथ गिरफ्तार किया है। ये दोनों आरोपी लोहारु के अखत्यारपुर गांव निवासी उमेश की हत्या के भी आरोपी हैं। शराब के कारोबार में अनबन के बाद रमेश प्रधान ने अपने साथियों के साथ मिलकर 4 अक्तूबर 2013 की रात 12 बजे उमेश की 6 गोलियां मारकर हत्या कर दी और शव को बोलेरो गाड़ी में डाल कर पास के ही खेतों में डाल दिया। उन्होंने बताया कि रमेश प्रधान ने राजस्थान के बीकानेर क्षेत्र में बीछवाल सुपर मार्केट में ट्रांसपोर्ट कंपनी मालिक करतार पूनिया की 20 लाख रुपये की सुपारी लेकर इसी साल 30 जनवरी को अपने गुर्गों के हाथों हत्या करा दी थी।
डीएसपी चंद्र पाल ने बताया कि रमेश प्रधान 20 हजार रुपये का इनामी बदमाश है और राजस्थान पुलिस ने इस पर अलग से इनाम रखा है। अजय गोलागढ़ को भी दोनों मामलों में हत्या के आरोप में 12 बोर के ढोगा बंदूक सहित गिरफ्तार किया है। रमेश प्रधान पर 2015 में चूरू जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र में दो बैंकों में डकैती, राजस्थान में ही भेङपालक व ट्रक चालक से लूट, दादरी में पेट्रोल पंप पर तीन सेल्समैन को गोली मारकर लूटने सहित कई लूट व डकैती के गंभीर आरोप हैं।