नरेश हत्याकांड में पकड़ा गया आरोपी पुलिस गिरफ्त में।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरियाणा के भिवानी के गांव गुजरानी के नरेश हत्याकांड के साथ एक ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी भी भिवानी पुलिस ने सुलझा दी है। हत्या आरोपी पर पुलिस ने पांच हजार का इनाम रखा हुआ था, जिससे पूछताछ में मोला निवासी एक व्यक्ति की ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी भी सुलझ गई है। प्रारंभिक पूछताछ में नरेश की हत्या का कारण उधारी के 60 हजार रुपये नहीं लौटाना था, जिसको लेकर हत्या से पहले नरेश को बीयर पिलाकर उसके सिर पर हमला किया गया। फिर उसे नहर में फेंक दिया।
फिलहाल पुलिस ने हत्या आरोपी का तीन दिन का पुलिस रिमांड लिया है। सदर पुलिस थाना में गांव गुजरानी निवासी भरत सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी। इसमें उसने बताया था कि वे तीन भाई हैं। उसका बड़ा भाई नरेश शादीशुदा और दो बच्चों का पिता है।
नरेश गत 22 अक्तूबर को अपनी इको वैन लेकर घर से गया था। करीब दो घंटे बाद उससे बात की तो उसका फोन बंद मिला। 23 अक्तूबर को सुबह नरेश घर नहीं आया तो परिजनों ने शहर की तरफ जाने वाले सीसीटीवी कैमरों की जांच की।
इसके बाद 24 अक्तूबर को सदर पुलिस ने नरेश की गुमशुदगी की की शिकायत दी। सदर पुलिस ने गुजरानी पंप हाउस के समीप नहर से नरेश का शव बरामद किया। पुलिस ने इस संबंध में मृतक के भाई की शिकायत पर हत्या का केस दर्ज किया था।
शुक्रवार को सीआईए प्रथम के एएसआई बलजीत ने एक आरोपी को गांव बड़ाला हांसी से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान हरेंद्र वासी प्रेमनगर के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपी हरेंद्र ने बताया कि करीब सात-आठ माह पहले उसकी नरेश के साथ जान पहचान हुई थी। उसने नरेश को 60 हजार रुपये उधार दिए थे। इसके बाद उसने दो से तीन बार उससे अपने पैसे वापस मांगे तो उसने उसे रुपये नहीं लौटाए। इसी को लेकर नरेश को बुलाकर पहले उसे बीयर पिलाई और फिर नशे की हालत में उस पर वार कर उसकी हत्या कर दी और शव नहर में फेंक दिया था।
मौला के कर्मबीर की हत्या की गुत्थी भी सुलझी
आरोपी हरेंद्र ने पुलिस पूछताछ में गांव मोला थाना बास हांसी के कर्मबीर नामक व्यक्ति की हत्या की वारदात भी कबूली है। उसने बताया कि गत 18 अक्तूबर को गांव मोला निवासी कर्मबीर को अपनी गाड़ी में बैठाकर लाया था। प्रेमनगर पावर हाउस के पास उसकी हत्या कर शव को नहर में फेंक दिया था। इस संबंध में बवानीखेड़ा पुलिस थाना में केस दर्ज हुआ था।
पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला के निर्देशानुसार नरेश हत्याकांड में भिवानी सीआईए प्रथम की टीम लगी थी। इसने इस हत्याकांड को अंजाम देने वाले प्रेमनगर निवासी हरेंद्र को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में हत्या की एक अन्य वारदात भी आरोपी ने कबूली है। इस पर पांच हजार रुपये का इनाम भी रखा गया था। आरोपी को न्यायालय में पेश कर उसका तीन दिन का रिमांड हासिल किया है। इस दौरान उससे गहन पूछताछ कर कई और बातें भी उगलवाई जाएंगी।
-रमेश कुमार, डीएसपी मुख्यालय भिवानी।