फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

केवल 18 मिनट में तोड़ दी एटीएम, चार मिनट में निकाली नगदी

Tue, 24 Nov 2015 01:09 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला भिवानी
विज्ञापन
विज्ञापन
भिवानी। महज 18 मिनट में हाई सिक्योरिटी वाली एटीएम मशीन को दिनदहाड़े और मुख्य बाजार में दो शातिर चोरों ने तोड़ डाला। चार मिनट में कैश समेट दोनों फरार हो गए। यह सब हुआ देना बैंक में एटीएम तोड़ने की घटना में। चोर 8:12 पर एटीएम में दाखिल हुए और 8:33 पर कैश समेट चलते बने। दिनभर बैंक कर्मी और पुलिस एटीएम मशीन और सीसीटीवी कैमरे की फुटेज जांचती रही। जिस सफाई के साथ मशीन को तोड़ा गया, उससे साफ है कि दोनों शातिर चोर है और पहले भी ऐसी घटनाओं को अंजाम दे चुके है।
विज्ञापन

चोरों का निशाना बना हांसी गेट का देना बैंक का एटीएम का मुख्य गेट मुख्य मार्ग की ओर है। मुख्य सड़क से भी एटीएम में क्या हो रहा है सब नजर आता है। इसके लिए बावजूद चोरों ने बड़े शातिर अंदाज में चोरी की घटना को अंजाम दिया। सबसे पहले स्वेटर पहने करीब 28-30 वर्षीय एक युवक 8:12 पर एटीएम में घुसा। एटीएम के बटन छेड़ कैश निकालने का प्रयास किया। मगर कामयाबी नहीं मिली। जिसके बाद उसने मशीन के साइड वाले ताले को तोड़ने का प्रयास किया। करीब दो मिनट के प्रयास के बाद वह बाहर चला गया और 8: 15 पर दूसरा युवक लोहे की रॉड कपड़े में छिपाकर एटीएम में पहुंचा और एटीएम के कैश विंडो को तोड़ने का प्रयास किया। 8:22 पर चोर को एटीएम के कैश बॉक्स का बाहरी दरवाजा तोड़ने में कामयाबी मिली। इसके बाद चोर ने कैश निकालने वाले स्थान को रॉड से चौड़ा किया। दूसरे युवक ने अंदर आकर पेचकस के माध्यम से चोड़े हुए स्थान के पास से मशीन के अन्य पार्ट तोड़े। करीब 18 मिनट की मशक्कत के बाद चोर मशीन को तोड़ने में कामयाब रहे। इसके बाद चार मिनट तक कैश निकालते रहे और साथ-साथ अड़चन बने मशीन के कुछ पार्ट तोड़ते रहे। आखिर में दोनों मुंह पर काला कपड़ा लपेट कैश लेकर चलते बने।
एक ने तकनीक लगाई तो दूसरे ने ताकत
एटीएम तोड़ रुपये निकालने की घटना को अंजाम देने वाले 28 से 30 वर्ष के दोनों युवकों में एक तकनीक का जानकार था तो दूसरे ने ताकत लगाई। पहले तकनीक के जानकार युवक ने बटन से छेड़छाड़ कर अपना दिमाग लगाया। बाद में ताकत से दूसरे युवक ने रॉड फंसा कैश बॉक्स का बाहरी दरवाजा और कैश निकलने वाले स्थान को तोड़ा। तकनीकी जानकार ने बड़ी बारीकी से मशीन के पार्ट्स को तोड़ा और कैश निकाल लिया।
विज्ञापन

एक अंदर मशीन तोड़ता रहा, दूसरा करता रहा निगरानी
एटीएम मशीन तोड़ने के दौरान एक युवक अंदर मशीन तोड़ता रहा तो दूसरा बाहर निगरानी। दोनों युवकों ने तीन-चार बाहर इसी बदल बदलकर निगरानी की और मशीन तोड़ने का प्रयास करते रहे।
आठ बजे शुरू हो जाती है चहल पहल
हांसी गेट शहर के मुख्य चौकों में से है और यहां पुस्तकों की मुख्य मार्केट भी है। स्कूल कॉलेजों का समय जल्दी होने के चलते सुबह करीब आठ बजे दुकानें खुलना भी शुरू हो जाती है। हलवासिया माल के ठीक सामने एक स्कूल है। ऐसे में यहां काफी लोगों का आना जाना लगा रहता है।
कैश को लेकर सस्पेंस
फुटेज में दोनों चोर दोनों हाथों से एटीएम से नगदी निकालने में जुटे नजर आ रहे है। शुरूआत में नोटों की गड्ढी निकलती नजर आती है और फिर वैसे खुले पांच पांच सौ के नोट निकालते चोर नजर आ रहे है। मगर बैंक अधिकारियों का कहना है कि 20 हजार रुपये ही चोरी हुए है। बैंक अधिकारियों का कहना है कि एटीएम में सवा लाख रुपये थे। जिसमें पांच-पांच सौ के 27 हजार रुपये और एक एक सौ के 80 हजार रुपये मिल गए है और करीब 20 हजार का नुकसान हुआ है। इसके अलावा एटीएम मशीन टूटने से नुकसान हुआ है।
वर्जन:::
एटीएम तोड़ने वाले शातिर है। ऐसा लगता है पहले भी किसी वारदात को अंजाम दे चुके है। एटीएम में करीब सवा लाख रुपये थे। चोर एटीएम के रिजेक्ट बॉक्स को तोड़ रुपये निकालने में कामयाब रहे है। काफी नगदी मशीन में मिल गई है फिर भी करीब 20 हजार की चोरी होने का अनुमान है।
डीएस चौहान, बैंक मैनेजर, देना बैंक
-------
एक और एटीएम मशीन को निशाना बनाने की कोशिश

चोरों ने घंटाघर चौक के पास बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम को भी निशाना बनाया। सुरक्षा गार्ड के महज 40 मिनट पहले चले जाने के दौरान ही एटीएम को तोड़ दिया गया। मगर नगदी ले जाने में कामयाब नहीं हुए।
इस एटीएम पर सुरक्षा कर्मी रहते है। रात की ड्यूटी देने वाले सुरक्षा कर्मी की ड्यूटी सुबह छह बजे तक है। मगर कोई कार्य होने के चलते वह सुबह 5:20 पर ही चला गया। दूसरा सुरक्षा कर्मी सुबह छह बजे आया। तब तक मशीन तोड़ी जा चुकी थी। सूचना पर बैंक अधिकारी, पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों गार्ड से भी पूछताछ की गई। एक गार्ड ने पारिवारिक कारण के चलते जल्दी जाने की बात कही तो दूसरे ने बताया कि वह सुबह छह बजे जब आया तो एटीएम का आधा शटर नीचे था। बैंक अधिकारी जयभगवान मित्तल ने बताया कि एटीएम मशीन तोड़ी गई है मगर कैश ले जाने में कामयाब नहीं हुए।
विज्ञापन


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें