हरियाणा के भिवानी में नगर परिषद घोटाला लगातार गहराता जा रहा है। मामले में गिरफ्तार एक्सिस बैंक के मैनेजर नितेश ने राज उगले तो नप का अकाउंटेंट संजय बंसल फरार हो गया है। शुरूआत में पुलिस पूछताछ में शामिल हुए संजय बंसल का तीन दिन से कोई सुराग नहीं लग रहा और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
नप अकाउंटेंट संजय बंसल अभी फरार है और उसकी तलाश की जा रही है। बैंक मैनेजर से भी पूछताछ की जा रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। -सतपाल सिंह, इंचार्ज, इकनॉमिक सेल।
निवर्तमान पार्षद ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंप कचरा घोटाले की जांच की मांग की
नगर परिषद के निवर्तमान पार्षद ईश्वर मान ने एक बार फिर शनिवार को कचरा घोटाला उठाते हुए उपायुक्त कार्यालय में शिकायत दी और मामले की जांच की मांग की। ईश्वर मान ने बताया कि नप ने अक्तूबर 2021 में बीवीजी कंपनी को ठोस कचरा छंटाई के कार्य का टेंडर 10 करोड़ में दिया था।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ दिन बाद ही कुछ दबंग लोगों ने अपनी साझेदारी में अपनी दूसरी अन्य कंपनी के नाम करवा दिया, जो सही काम नहीं कर रही। एक ही गाड़ी को बार-बार तोला जा रहा है। कचरे को चोरी छिपे रात के अंधेरे में जेसीबी से जमीन में दबाया जा रहा है। इसकी शिकायत 13 मार्च को भी दी थी, मगर कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि सफाई निरीक्षक सफाई देते हैं कि वहां नप के दो कर्मचारी नियुक्त किए गए है और सारा काम सही हो रहा है। इस मामले की निष्पक्ष जांच करवाई जाए।