दादरी-दिल्ली मुख्यमार्ग स्थित गांव इमलोटा में बुधवार को एक तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार दो सगे भाइयों समेत तीन युवकों को कुचल दिया। इन तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक अन्य युवक डंपर की चपेट में आने से घायल हो गया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने डंपर चालक की धुनाई कर दी लेकिन वह मौके का फायदा उठाकर वहां से फरार हो गया।
इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने गांव के अड्डे पर जाम लगाकर नेशनल हाइवे को साढ़े तीन घंटे तक बाधित रखा। ग्रामीणों को आश्वस्त करने पहुंच अतिरिक्त जिला उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक को भी मांगें पूरी न होने तक ग्रामीणों ने नजरबंद कर लिया। स्थिति को भांपते हुए भारी तादाद में इमलोटा में पुलिस बल तैनात रहा। गांव निवासी मृतक तीनों युवकों का पोस्टमार्टम सिविल अस्पताल में करवाया गया। पुलिस ने इस संबंध में मृतक के परिजनों के बयान पर आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार गांव इमलोटा निवासी सगे भाई मनीष व टिंकू बुधवार सुबह कृषि कार्य के लिए खेत में गए थे। काम निपटाकर वो अभी गांव के अड्डे पर ही पहुंचे थे कि इसी दौरान उनका एक दोस्त मोनू उन्हें मिल गया। इसके बाद उक्त तीनों युवक सड़क किनारे खड़े होकर बात कर रहे थे। इस दौरान झज्जर से आ रहा तेज रफ्तार डंपर ने एक बाइक को टक्कर मार दी।
तीनों युवक कुछ समझ पाते इससे पहले ही डंपर ने उन्हें भी अपनी चपेट में ले लिया। युवकों की बाइक को अपने साथ घसीटते हुए डंपर वहां बने बूस्टिंग स्टेशन की दीवार तोड़ते हुए अंदर जा घुसा। हादसा इतना भीषण था कि तीनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया और उनकी इनफील्ड बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
वहीं, अड्डे पर मौजूद कुछ ग्रामीणों ने डंपर चालक को उतारकर उसकी धुनाई कर डाली। इसके तुरंत बाद मौका पाकर डंपर चालक फरार हो गया। चार रोज पहले हुए हादसे के दौरान जाम लगाकर स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग कर चुके ग्रामीणों का पारा इस हादसे से और चढ़ गया। ग्रामीणों ने मुख्यमार्ग पर उतरकर जाम लगा दिया।
जाम की सूचना पाकर मौके पर पहुंची सदर थाना पुलिस टीम की भी ग्रामीणों ने एक न सुनी। इसके बाद एडीसी जसबीर सिंह आर्य व एसपी सुनील दलाल मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने स्पीड ब्रेकर बनवाने, गांव से बाईपास निकलवाने, इंटरसेपटर तैनात करने, आरोपी पर गैर इरादन हत्या का केस दर्ज करने सहित प्रशासन से मुआवजा व पीड़ित परिवारों को नौकरी दिलाने की मांग की।
इस दौरान ग्रामीणों ने एलान किया कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होती किसी भी अधिकारी को मौके से नहीं जाने देंगे। इसके बाद एडीसी व एसपी ने ग्रामीणों को आरोपी के खिलाफ गैर इरादन हत्या का केस दर्ज करने, सरकार को मुआवजे व नौकरी के लिए मांग भेजने, इंटरसेपटर आने तक एक स्थाई पीसीआर तैनात करने व तुरंत प्रभाव से ब्रेकर बनवाने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीण शवों को उठाने के लिए तैयार होंगे। इससे पहले करीब डेढ़ घंटे एसवी व एडीसी को ग्रामीणों ने मौके से जाने नहीं दिया।
वर्जन::
हमने ग्रामीणों की मांगों को लेकर आश्वस्त किया है। जो भी प्रशासन से पीड़ित परिवार की मदद के लिए बनेगा उसके लिए हरसंभव प्रयास करेंगे। तीनों मृत युवकों के शव का पोस्टमार्टम करवा दिया है। आरोपी चालक के खिलाफ मामला भी पुलिस ने दर्ज कर लिया है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सुनील दलाल, एसपी