भिवानी। केएम पब्लिक स्कूल के सामने लगे लोहे के स्ट्रीट लाइट पोल में करंट उतरने से वहां जमा बारिश के पानी में भी करंट आ गया। जिससे वहां से गुजर रहे दो सांड़ों की करंट में चिपक कर मौत हो गई। वहीं नया बाजार की लंबी गली में करंट से एक गाय की मौत हो गई। इस हादसे से आक्रोशित गो सेवकों ने हंगामा किया और प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए। आरोप है कि इलाके की लाइट कटवाने के लिए बिजली निगम के कंट्रोल में कई बार फोन किया मगर किसी ने फोन नहीं उठाया। इसके बाद उन्होंने डीसी आफिस में सूचना दी। गोसेवकों ने जाम लगाने की चेतावनी दी तो लाइट काटी गई। बिजली पोल केएम स्कूल के बिल्कुल सामने है। गनीमत रही कि इन दिनों स्कूली बच्चों की शीत कालीन छुट्टियां चल रही हैं, वरना हादसा बड़ा हो सकता था।
सोमवार सुबह हांसी गेट केएम स्कूल के सामने लगे स्ट्रीट लाइट पोल में करीब पौने 10 बजे करंट आया। बारिश के पानी जमा होने से करंट आ गया। यहां से गुजर रहे एक सांड़ को करंट लगा और तड़पकर दम तोड़ दिया। यह देख वहां मौजूद गोसेवकों ने उस ओर जा रहे एक अन्य सांड़ को रोकने का प्रयास किया मगर वह भी करंट की चपेट में आकर गिर गया। गोसेवकों ने बिजली निगम के कंट्रोल रूम में फोन किया मगर किसी ने नहीं उठाया। जिसके बाद डीसी कार्यालय में सूचना दी। गोसेवकों ने जाम की चेतावनी दी तो सूचना मिलते ही बिजली निगम के कार्यकारी अभियंता सतबीर यादव मौके पर पहुंचे। नगर परिषद से सेनेटरी इंस्पेक्टर विकास भी मौके पर पहुंचे। दो सांड़ों की मौत से गुस्साएं गो सेवकों ने अधिकारियों को भी खूब खरी-खरी सुनाई। साथ ही अधिकारियों एवं कर्मचारियों की लापरवाही की वजह से इनकी जान जाने का आरोप जड़ा। मृत सांड़ों को जेसीबी की सहायता से हटवाकर दफनाया गया।
आंखों के सामने देखते ही देखते तड़पकर सांड ने दम तोड़ा: संजय परमार
गो सेवक संजय परमार ने बताया कि उसने सुबह साढ़े 9 बजे एक सांड़ की जमीन में खड़े बरसाती पानी में करंट आने से मौत होने की सूचना मिली तो वे मौके पर पहुंच गए। उसने निगम के कंट्रोल रूम नंबर 9812063033 व 29 पर काफी बार फोन मिलाए, मगर किसी ने भी फोन नहीं उठाया। इसी दौरान दूसरा सांड़ भी पानी के अंदर चला गया, जिसकी उनकी आंखों के सामने ही तड़पते हुए मौत हो गई और वे कुछ नहीं कर पाए, अगर समय रहते लाइन काट दी जाती तो उस सांड़ की जान बच सकती थी
केबल को ठीक करवाया जा रहा है: विकास
नगर परिषद के सेनेटरी इंस्पेक्टर विकास ने बताया कि स्ट्रीट लाइट को दुरुस्त कराने का काम शुरू कर दिया गया है। एक दिन पहले बारिश की वजह से जमीन में सीलन आ गई थी, शायद इसी वजह से ये हादसा हुआ है।
फोन नहीं उठाने की कराएंगे जांच
निगम के कार्यकारी अभियंता सतबीर यादव ने कहा कि वे मौके पर पहुंचे हैं। ये हादसा स्ट्रीट लाइट में आए करंट की वजह से हुआ है, जिसकी देख रेख का जिम्मा नगर परिषद का है। हालांकि निगम कर्मचारियों ने भी इस इलाके की लाइनों का मुआयना कर सुनिश्चित किया है कि कहीं कोई लाइन में दिक्कत तो नहीं है। इसके अलावा उन्होंने गोसेवकों को आश्वासन दिया कि कंट्रोल रूम में फोन नहीं उठने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
गाय को लगा स्ट्रीट लाइट का करंट
नया बाजार की लंबी गली निवासी हनुमान ने बताया कि सुबह उसकी पालतू गाय गली में थी, इसी दौरान स्ट्रीट लाइट पोल से करंट लगने से गाय की मौत हो गई। उन्होंने मौके पर जेसीबी बुलाकर गाय का अंतिम संस्कार के लिए भिजवाया।