सिपाही आत्महत्या मामला : आरोपियों को गिरफ्तार नहीं करने किया विरोध प्रदर्शन
भिवानी। गांव लेघा हेतवान निवासी सिपाही सुरेंद्र सिंह द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में उनके परिजन ने हिसार अनाज मंडी चौकी के पुलिस कर्मचारियों पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। इस मामले में आरोपी पुलिस कर्मचारियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सोमवार को शहर में विरोध प्रदर्शन किया। सीटीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर कार्रवाई की मांग की।
गांव लेघा हेतवान निवासी कविता ने बताया कि उसके पति सुरेंद्र कुमार हिसार की अनाज मंडी पुलिस चौकी में तैनात थे। पुलिस चौकी में तैनात कुछ कर्मचारी जातीय आधार पर उन्हें प्रताड़ित कर रहे थे। इससे तंग आकर सुरेंद्र ने ड्यूटी के दौरान ही 13 जनवरी को जहरीला पदार्थ निगल कर आत्महत्या कर ली थी। उनके कब्जे से मिले सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस ने आरोपी पुलिस कर्मचारी व एक जन स्वास्थ्य विभाग कर्मचारी के खिलाफ मामला दर्ज किया था, लेकिन आरोपी आज तक गिरफ्तार नहीं किए गए।
इस मामले को लेकर सोमवार सुबह नेहरू पार्क में दलित यूथ ब्रिगेेड के प्रदेश अध्यक्ष धर्मवीर डाबला के नेतृत्व में अनुसूचित जाति के लोग एकत्रित हुए। उन्होंने अभी तक आरोपी गिरफ्तार ना किए जाने पर रोष प्रकट किया। घटना के विरोध में अनुसूचित जाति के सदस्य विरोध प्रदर्शन करते हुए लघु सचिवालय पहुंचे। वहां नारेबाजी कर रोष प्रकट किया। प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचे सीटीएम महेश कुमार को पीड़ित लोगों ने ज्ञापन सौंपा। जिसमें आरोपियों को गिरफ्तार करने व एससी एक्ट के तहत मामला दर्ज करने की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में मृतक की पत्नी कविता, अंकुश, सुशील, सतीश, सुरेश, शिवराम, सतीश, नरेश, अशोक कुमार, अनिल, रामबीर आदि शामिल है।