अमर उजाला ब्यूरो
ढिगावा मंडी । भिवानी से लोहारू जा रही प्राइवेट बस खरकड़ी बस स्टॉप के पास अचानक बाइक सवार के आगे आने पर उसे बचाने में किनारे नीचे उतरकर पेड़ से जा टकराई। हादसे में चार यात्रियों को मामूली चोटें आई और बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बस चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया।
सोमवार की दोपहर भिवानी से लोहारू जा रही प्राइवेट बस ढिगावा से निकलते ही खरकड़ी बस स्टॉप पे बाइक सवार को बचाने के चक्कर में पेड़ से जा टकराई। सवारियों के अनुसार जब बस ढिगावा से निकलकर खरकड़ी बस स्टॉप के नजदीक पहुंची तो अचानक खरकड़ी की ओर से एक बाइक रोड पर आ गई लेकिन ड्राइवर की सूझबुझ से ड्राइवर ने बस को एक साइड में रोड से नीचे उतार दिया। जिसके बाद बस पेड़ से जा टकराई। गनीमत रही किसी भी सवारी को कोई ज्यादा नुकसान नहीं हुआ। घटना की सूचना पाकर ढिगावा पुलिस पीसीआर मौके पर पहुंची और घायलों को निजी अस्पताल में ले जाया गया।