अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। जमीन बेचने का इकरारनामा किसी से किया और बेची किसी और को। अब इसकी भनक इकरारनामा करने वाले को लगी तो उसने पुलिस में शिकायत देकर धोखाधड़ी का केस दर्ज करवाया।
पुलिस को दी शिकायत में गांव उमरावत निवासी प्रवीणदत्त शर्मा ने बताया कि उसने 27 जुलाई 2016 को एक कनाल साढ़े छह मरले जमीन खरीद करने के लिए सौदा तय किया था। इसके तहत छह लाख में से पांच लाख का भुगतान कर दिया, जबकि बकाया एक लाख रुपये रजिस्ट्री कराते वक्त देने का वायदा किया था। मगर मियाद के अंतिम दिन रजिस्ट्री कराने के लिए वह तहसील कार्यालय में सुबह से शाम तक इंतजार करता रहा, मगर जमीन का मालिक सुरेश वहां नहीं पहुंचा। इसके बाद बात की तो वह टालमटोल करता रहा। उसे पता चला कि जिस जमीन का उसने उसके साथ इकरारनामा किया हुआ है, उस जमीन का सौदा तो किसी दूसरे से कर डाला। जबकि इकरारनामा के समय दिए गए पांच लाख रुपये भी हड़प लिए। इस मामले की शिकायत उसने पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपी सुरेश के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है।