कार की टक्कर से साइकिल सवार बाप-बेटी की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
राई। जीटी रोड पर गांव चौहान जोशी मोड़ के पास अज्ञात कार ने साइकिल सवार बाप-बेटी को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौत हो गई। पिता अपनी बेटी को उसकी कंपनी से साइकिल पर बैठाकर घर ला रहा था। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
उत्तर प्रदेश के जिला फिरोजाबाद के जलेसर रोयड स्थित राम कृष्ण नगर का रहने वाला नंदराम (45) फिलहाल परिवार के साथ गांव चौहान जोशी में किराए पर रहता था। नंदराम की बेटी काजल (19) औद्योगिक क्षेत्र स्थित कंपनी में नौकरी करती थी। नंदराम अकसर बेटी को कंपनी में छोड़ने व लेने के लिए जाता था। शनिवार को नंदराम बेटी काजल को साइकिल पर लेकर लौट रहा था। उनके पीछे पत्नी ममता पैदल आ रही थी। जब नंदराम अपनी बेटी के साथ चौहान जोशी मोड़ स्थित राइस मिल के सामने सड़क पार करने लगा तो कार ने दोनों को टक्कर मार दी। हादसे में नंदराम व उसकी बेटी काजल बुरी तरह से घायल हो गए। पीछे आ रही ममता ने राहगीरों की मदद से पति व बेटी को सामान्य अस्पताल में पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद पहुंची राई थाना पुलिस ने शवों को कब्जे में ले लिया। रविवार को शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने ममता के बयान पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
साइकिल सवार बाप-बेटी को अज्ञात का चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौत हो गई। शवों का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
- कुलदीप देशवाल, थाना प्रभारी राई।