भिवानी। जिले में पिछले सात दिनों में हुई चोरियों का खुलासा नहीं हुआ और चोरों ने सोमवार दिनदहाड़े एक और बंद घर में धावा बोला। चोरों ने बापोड़ा गांव में बंद घर से सिर्फ एक घंटे में तीन ताले, तीन अलमारी लॉक और दो लॉकर तोड़कर करीब साढ़े सात लाख के आभूषण और नगदी उड़ा दी। सूचना पर मौके पर पहुंची सदर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस की सुस्ती का आलम यह है कि वह पिछले एक हफ्ते में हुई नौ चोरियों में एक का भी खुलासा नहीं कर सकी है। चौकाने वाली बात यह है कि चोर दिनदहाड़े वारदात को अंजाम दे रहे हैं।
चोरों ने सोमवार को बापोड़ा गांव में दिनदहाड़े ग्रामीण अजीत के मकान को अपना निशाना बनाया। अजीत सिंह मानेसर में प्राइवेट नौकरी करते है। घर में माता ओमबाई, पत्नी सुमन और आठ वर्षीय बेटी और चार वर्षीय बेटा हैं। चोरों ने सुबह साढ़े 11 बजे से साढ़े 12 बजे के बीच उनके मकान को निशाना बनाया। उस समय बच्चे स्कूल गए थे तो अजीत की मां और पत्नी गांव में ही एक बुजुर्ग के निधन पर शोक जताने गए थे। महज एक घंटे के दौरान घर में करीब आठ ताले तोड़े। अजीत के बड़े भाई रमेश जो कि बैंक ऑफ इंडिया में बतौर सुरक्षा कर्मी कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि उसकी मां ओमबाई और छोटे भाई की पत्नी गांव में ही एक मकान के पीछे वाली गली में एक बुजुर्ग के निधन पर शोक जताने गई थी। गली की अन्य कुछ महिलाएं भी गई थी। चोरों ने सबसे पहले मुख्य गेट का ताला तोड़ा। इसके बाद अंदर हॉल के लगे दरवाजे का ताला तोड़ा। एक कमरे का दरवाजा तोड़ा। वहां तीन अलमारियों के ताले तोड़े और दो लॉकर के ताले तोड़े। एक साइड वाले कमरे में भी अलमारी और लॉकर तोड़ा। चोर मकान से करीब 17 तौले सोने के आभूषण, नौ सौ ग्राम चांदी के आभूषण और 85 हजार की नगदी व अन्य सामान चोरी कर ले गए। जाते समय दरवाजे को कुंडी लगाकर बंद किया गया। चोरी सामान की कीमत करीब साढ़े सात लाख रुपये आंकी जा रही है। सूचना पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
खिड़की से झांक कर देखा युवक, घर के बाहर खड़ी थी दो बाइक
खिड़की से घर के अंदर झांक रहे एक युवक को पड़ोस की महिला ने देखा है। पड़ोसी महिला ने बताया कि युवक की उम्र करीब 22-23 साल थी और पीठ पर काले रंग का बैग लटकाए था। वहीं रमेश कुमार ने बताया कि पड़ोस में शादी भी है। घर के बाहर दो बाइक खड़ी बता रहे हैं। अब पड़ोस में शादी है तो हो सकता है उनके यहां कोई आया हो।
सावधान : बंद घरों को दिनदहाड़े बनाया जा रहा निशाना
पिछले एक सप्ताह में एक के बाद एक चोरी की वारदात सामने आ रही है। शिक्षक और नौकरीपेशा परिवार चोरों के ज्यादा निशाने पर है। इनके बंद मकानों को टारगेट कर चोर आसानी से चोरी कर निकल जाते है। पिछले सात दिन में चोरी की करीब 10 वारदात सामने आई। जिनमें करीब सात वारदातों को दिनदहाड़े अंजाम दिया गया। जैन चौक के एक व्यक्ति को तो इतना भी यकीन नहीं कि चोर पकड़े जाएंगे। इस कारण चोरी होने के बावजूद उन्होंने केस दर्ज करवाने से इनकार कर दिया। बाकी मामलों में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।