भिवानी। मंगलवार शाम 4 बजे तोशाम बाईपास पर मोपेड सवार एक मजदूर को ट्रक ने कुचल दिया। घटना के वक्त युवक बेचे गए कबाड़ के 150 रुपये लेने जा रहा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल के शव गृह में रखवाया है।
ग्वार फैक्टरी के पीछे झोपड़ी में रहने वाला मूल रूप से गुजरात वासी करीब 35 वर्षीय मंगल शाम करीब चार बजे अपनी मोपेड (बाइक) से बेचे गए कबाड़ के रुपये लेने जा रहा था। जब वह तोशाम बाइपास पर पहुंचा तो एक ट्रक ने मोपेड को टक्कर मारी। जिससे वह गिर गया। इसके बाद ट्रक उसे कुचलते हुए गुजर गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके पर ही ट्रक छोड़ फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही बीटीएम पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला सामान्य अस्पताल लाया गया। हादसे की सूचना परिजनों को मिली तो वे भी अस्पताल पहुंचे। जब उन्हें मंगल की मौत का पता लगा तो इमरजेंसी के सामने ही विलाप करने लगे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। चौकी इंचार्ज बीर सिंह ने शव को कब्जे में लिया और परिजनों के बयान दर्ज कर ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मुकदमा दर्ज कर जांच आरंभ कर दी।
तीन बच्चों के सिर से छीन गया पिता का साया
मृतक मंगल की पत्नी पूजा ने बताया कि मूल रूप से वे गुजरात के रहने वाले हैं। पिछले काफी अर्से से वह ग्वार फैक्टरी के पीछे झुग्गी झोपड़ी में रह रहे हैं। उसकी बड़ी लड़की सात साल की है, जबकि उसका चार व पांच साल के दो बेटे हैं। पूजा ने बताया कि मंगल शाम चार बजे को झुग्गी पर से अपनी मोपेड लेकर कबाड़ी से डेढ़ सौ रुपये लेने के लिए निकला था, लेकिन जब पांच बजे तक वापस नहीं लौटा तो उन्हें चिंता हुई। इसी दौरान उन्हें हादसे का पता लगा। उन्होंने मौके पर मौजूद लोगों से पता किया तो पता लगा कि ट्रक ने मंगल को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान यह सब हुआ।