अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी
कल तड़के कृष्णा कॉलोनी समेत चार कॉलोनियों में घरों के बाहर खड़े करीब 50 वाहनों को क्षतिग्रस्त करने की वारदात के 18 घंटे बाद असामाजिक तत्वों ने फिर कृष्णा कॉलोनी में दहशत फैलाई। बीती रात साढ़े 10 बजे तीन बाइक पर सवार युवकों ने कॉलोनी की गलियों में घूमकर लाठी लहराईं और लोगों को गालियां दीं। इस घटना के विरोध में कॉलोनी के लोगों ने बैठक की और चिंता जताई।
शनिवार रात करीब साढ़े दस बजे तीन बाइक पर सवार कुछ युवक हाथों में लाठियां लेकर हुड़दंग करते हुए भाग गए। इस हरकत के बाद कॉलोनी में दहशत फैल गई। कालोनीवासी सन्नी बत्रा ने बताया कि तीन बाइक पर सवार युवकों ने लाठियां लहराई और लोगों को गालियां देते हुए वहां से निकल गए।
रविवार शाम इस मसले पर कालोनी के लोगों ने बैठक की और कालोनी में दो दिन से लगातार हो रही वारदातों पर चिंता व्यक्त की। बैठक में फैसला लिया गया कि इस मसले को लेकर सोमवार को एसपी से मुलाकात की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता सन्नी, पूर्व पार्षद पूर्ण चंद आजाद, राजकुमार, ओम गुरेजा, राजेंद्र शर्मा, रघवीर, दीपक मग्गो, केके ग्रोवर, संजय कुमार और योगेश बागला मौजूद रहे।
--
तलाश जारी है
कल सुबह हुई वाहनों में तोड़फोड़ की घटना की एफआईआर दर्ज कर असामाजिक तत्वों की तलाश आरंभ कर दी है। कल रात की घटना की जानकारी नहीं है। इस बारे में कृष्णा कॉलोनी के लोगों की ओर से शिकायत भी नहीं आई है।
वेद कुमार
कार्यवाहक प्रभारी, दिनोद गेट पुलिस चौकी
--
शहर की विभिन्न पॉश कालोनियों में कुछ शरारती तत्वों ने दो बाइक पर सवार होकर अल सुबह पत्थर व ईंटें मारकर शहर वासियों की लगभग 50 गाड़ियां तोड़ दी थी। असामाजिक तत्वों ने कृष्णा कॉलोनी, भारत नगर, कमला नगर, जैन चौक, पतराम गेट क्षेत्र की गलियों खड़ी गाड़ियों को निशाना बनाया।