लूट की साजिश रच रहे दो लूटपाट गिरोह के दो लोग काबू
अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी
रात के अंधेरे में हथियारों के बल पर वाहन चालकों को लूटने का प्रयास कर रहे लूटपाट गिरोह के दो लोगों को बवानीखेड़ा पुलिस टीम ने रविवार रात को काबू किया। पुलिस ने दोनों बदमाशों के कब्जे से रिवॉल्वर व अन्य हथियार बरामद किए हैं। दोनों की पहचान गांव बीरण निवासी नवरत्न व गांव पुर निवासी बलराज के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें एक-एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार बवानीखेड़ा थाना पुलिस को सूचना मिली कि गांव बलियाली रोड पर दो बदमाश वाहन चालकों व राहगीरों को पिस्तौल के बल पर लूटने की साजिश रच रहे हैं। सूचना के आधार पर बवानीखेड़ा थाना प्रभारी एसआई देशराज दहिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर छापा मारा। इस दौरान पुलिस ने गांव बीरण निवासी नवरत्न व गांव पुर निवासी बलराज को मौके से काबू कर लिया। पुलिस ने तलाशी के दौरान नवरत्न व बलराज से एक स्कूटी, एक पिस्तौल, एक लोहे की रॉड व एक टॉर्च बरामद की। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी पहले भी लूट व चोरी की अनेक वारदात कर चुके हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों का सामान्य अस्पताल में मेडिकल करवाने के बाद अदालत में पेश किया। अदालत ने उन्हें एक- एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
---
आरोपी बलराज सात साल की काट चुका है सजा
पुलिस पूछताछ में पता चला कि करीब 8 साल पहले बलराज ने इस मार्ग पर वाहन लूटने की घटना को अंजाम दिया था। इस मामले में कुछ ही माह पूर्व वह सात साल की सजा काटकर जेल से बाहर आया था और जेल से बाहर आकर फिर से गैंग में काम करने लगा।
--
मुख्य आरोपी नवरत्न पर दर्ज हैं एक दर्जन लूट व चोरी के मामले
नवरत्न के खिलाफ लूट, चोरी व मारपीट के एक दर्जन मामले दर्ज हैं। नवरत्न ने हाल ही में गांव पूर से एक किसान का ट्रैक्टर चोरी करने की वारदात भी कबूल की है। पुलिस ने शाम को उसकी निशानदेही पर चोरी किया ट्रैक्टर बरामद कर लिया है। नवरत्न ने बलराज के साथ गैंग बनाकर फिर से लूटपाट शुरू की थी।
देशराज दहिया, एसएचओ बवानीखेड़ा थाना