रेप पीड़ित बच्ची से मिलने पहुंची सीडब्ल्यूसी सदस्या
रेप पीड़ित बच्ची से मिलने पहुंची सीडब्ल्यूसी सदस्या
- पीड़िता को न्याय दिलाने के साथ पीड़िता का इलाज व अन्य खर्च के लिए लिखेंगी पत्र
अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी।
रेप पीड़िता महज पांच वर्षीय बच्ची से मिलने रविवार को जिला बाल कल्याण समिति सदस्या सरोज बाला बोहरा सामान्य अस्पताल पहुंची। उन्होंने बच्ची के अलावा उसके परिवार के सदस्यों से भी बातचीत की। उन्होंने पीड़िता के इलाज पर हो रहे खर्च के अलावा आर्थिक मदद दिलाने के लिए विभागीय अधिकारियों को पत्र लिखने का आश्वासन दिया।
उल्लेखनीय है कि तीन रोज पूर्व सदर थाना क्षेत्र के एक गांव में महज पांच-छह वर्षीय बच्ची के साथ गांव के ही एक युवक ने दुष्कर्म किया था। परिजनों ने बताया कि परिवार के सभी सदस्य खेत में गए हुए थे और आरोपी ने पीछे से बच्ची को बहला फुसलाकर कहीं ले गया और दुष्कर्म किया। अपना अपराध छुपाने के लिए बच्ची को मारने का भी प्रयास किया। उसके चेहरे व सिर में चोट मारी। महिला थाना पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है।
जिला बाल कल्याण समिति सदस्या सरोज बाला बोहरा ने बच्ची से बातचीत की और उसके परिजनों से भी बातचीत की। अस्पताल स्टाफ सदस्यों से भी बच्ची के इलाज को लेकर बातचीत की। उन्होंने बताया कि यह एक घिनौनी हरकत है। आरोपी पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। महिला थाना प्रभारी ने बेहतर कार्य करते हुए तुरंत आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि बच्ची की आर्थिक सहायता के लिए विभागीय अधिकारियों को पत्र लिखा जाएगा।