अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। प्रवीण हत्याकांड़ की पटकथा उसकी पत्नी मोनिका और हत्या आरोपी सुनील मुन्ना ने डेढ़ माह पहले लिख दी थी। बस मौके का इंतजार था। सुनील द्वारा पहले ही एक महिला को भगाकर लाया हुआ है, जो उसके पास है। जब उसे सुनील और मोनिका के प्रेम संबंधों का पता लगा तो उसने विरोध भी किया मगर उसकी सुनील ने एक नहीं सुनी। सुनील ने अपनी आईडी पर सिम और मोबाइल भी मोनिका को दिया। दोनों ने मिलकर हत्याकांड की सारी साजिश रची। सोमवार को सदर थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों सुनील मुन्ना और नितिन बिंदू को रिमांड पूरा होने पर जेल भेज दिया।
यह था मामला
नौ फरवरी की सुबह भिवानी-चरखी दादरी निर्माणाधीन बाइपास पर कोंट और पूर्णपुरा के बीच ड्राइवर 30 वर्षीय प्रवीण का शव मिला था। प्रवीण मूलरूप से सांकरोड और हाल कोंट रोड बालाजी मंदिर के पास रहता था। जिसके सिर में चोट थी और शरीर पर गाड़ी से कुचले जाने के निशान थे। पास में ही उसकी स्कूटी गिरी हुई थी। परिजनों ने कुछ लोगों पर हत्या की आशंका भी जताई थी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था। प्रवीण पालन एयरपोर्ट दिल्ली में अनुबंध आधार पर गाड़ी ड्राइवर था। उसके दो छोटी बेटियां है। जैन चौक चौकी पुलिस ने 11 फरवरी की देर रात दो युवकों को अवैध पिस्तौल सहित काबू किया। पकड़े गए युवक लांदड़ी जिला हिसार हाल लक्ष्मीनगर कोंट रोड वासी सुनील उर्फ मुन्ना और इसी कॉलोनी में रहने वाले नितिन उर्फ बिंदू के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों को अवैध हथियार के साथ पकड़ा। इनके कब्जे से एक अवैध पिस्तौल, दो मैगजीन, 22 जिंदा कारतूस बरामद किए। सदर थाना पुलिस ने दोनों को रिमांड पर लिया तो सुनील मुन्ना ने बताया कि मृतक प्रवीण की पत्नी मोनिका से उसके अवैध संबंध थे और मोनिका ने ही प्रवीण की हत्या के लिए उसे कहा। मोनिका ने उसे बताया कि प्रवीण अक्सर उसके साथ मारपीट करता है।
फोन पर रची गई सारी साजिश
हत्या आरोपी सुनील उर्फ मुन्ना और मृतक प्रवीण लाला की पत्नी मोनिका के बीच करीब एक साल पहले प्रेम संबंध बने। करीब डेढ़ माह पहले सुनील ने मोनिका को मोबाइल गिफ्ट किया। जिस पर अक्सर दोनों बातचीत करते। पिछले डेढ़ माह के दौरान प्रवीण की हत्या की प्लानिंग बनाई गई। मोनिका ने बताया कि प्रवीण शादी के बाद से ही उसके साथ मारपीट करता था। इसी कारण वह सुनील के संपर्क में आई। वहीं जांच में सामने आया कि करीब आठ साल पहले सुनील मुन्ना हिसार जिले के गांव नयोली की एक महिला को भगाकर अपने साथ लाया था। जो अब भी उसके साथ ही रह रही है। उसके दो बच्चे है, जो भिवानीमें ही पढ़ाई कर रहे है। डेढ़ महीने पहले जब सुनील और मोनिका के बीच फोन पर बातचीत बढ़ी तो सुनील द्वारा भगाकर लाई महिला को इसका पता लग गया। उसने विरोध भी किया। साथ ही कहा कि दो परिवार बर्बाद हो जाएंगे। मगर सुनील नहीं माना और इस हत्याकांड को अंजाम किया।
दोनों आरोपियों सुनील मुन्ना और नितिन को रिमांड के बाद जेल भेज दिया है। मृतक लाला की पत्नी मोनिका को भी जेल भेज दिया है। करीब एक साल पहले सुनील और मोनिका के बीच प्रेम प्रसंग शुरू हुआ और डेढ माह पहले फोन पर प्रवीण लाला की हत्या की साजिश बनाई गई।
जय सिंह, एसएचओ, सदर थाना