भिवानी। लघु सचिवालय परिसर के पीछे के मार्ग अवैध पार्किंग से रास्ते अवरुद्ध होने की शिकायतों पर शुक्रवार सुबह जिला ट्रैफिक पुलिस ने अभियान चलाया। ट्रैफिक पुलिस ने लघु सचिवालय के समीप एलआईसी रोड पर सड़कों के दोनों तरफ अवैध पार्किंग में वाहनों को खड़ा करने पर पहले तो चालकों को चेतावनी दी। इसके बाद दिन में कई बार चक्कर लगाकर दो कारों सहित करीब आठ दुपहिया वाहनों को इंपाउंड किया।
जिला यातायात पुलिस प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि लघु सचिवालय परिसर के समीप एलआईसी रोड पर दुपहिया वाहनों के साथ गाड़ी चालक सड़क पर ही गाड़ी खड़ी कर देते हैं, जिससे की इस रास्ते पर आने जाने की जगह ही नहीं बचती, जिससे अन्य वाहन चालक काफी परेशान होते हैं। पहले भी इस मार्ग पर निर्धारित पार्किंग में ही वाहन खड़े करने की चेतावनी दी जा चुकी है, लेकिन शुक्रवार को पुलिस ने इस मार्ग पर स्पेशल जांच अभियान चलाया और नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों के चालान काटे और कई वाहनों को इंपाउंड कर दिया गया। उन्होंने बताया कि नगर परिषद के साथ ट्रैफिक पुलिस ने दो गाड़ियां अनुबंध आधार पर ले रखी हैं, जिसके जरिए सड़क पर खड़े वाहनों को पुलिस थाने तक ले जाया जाता है। इन दोनों ही वाहनों की मदद से सड़क पर खड़ी दो गाड़ी भी थाने ले जाकर इंपाउंड कर दी गई।