भिवानी। थाना सदर क्षेत्र में मजदूरों को मजदूरी के बहाने अपने साथ ले जाकर मारपीट कर रुपये छीनने के दो आरोपियों को पुलिस ने भिवानी जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर कोर्ट में पेश किया। जहां से दोनों को दो दिन के रिमांड पर भेज दिया है। आरोपियों को एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ ने 13 सितंबर को गिरफ्तार किया था। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार पांच अगस्त को हनुमान ढाणी चौक से बाइक और स्कूटी सवार युवक मजदूरी कराने के लिए योगेश व उसके चाचा सुशील को अपने साथ बैठाकर ले गये थे। बाद में आरोपियों ने सुशील को धीराणा मोड़ पर उतार दिया और योगेश के साथ लोहानी नहर पर मारपीट कर उसका मोबाइल व पैसे छीन लिये थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। 11 अगस्त को उसी तर्ज पर एक ओर वारदात को अंजाम दिया। 13 सितंबर को एवीटी स्टाफ ने पांच अगस्त को हुई वारदात में आरोपी जोनी, विक्रम उर्फ निक्कू और विकास को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने आरोपियों से 2300 रुपये और मोबाइल फोन बरामद कर लिया था। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया था। 11 अगस्त को मजदूर मुख्तयार सिंह के साथ मारपीट कर रुपये छीन लिये थे। मामले में जुई चौकी पुलिस ने जेल में बंद आरोपी जोनी और विक्रम को प्रोडक्शन वारंट पर हासिल कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।