भिवानी। शहर की एक कॉलोनी से लापता हुए युवक-युवती के मामले में युवती के चाचा ने युवक के पिता के साथ झगड़ा किया और गोली चलाई। गनीमत रही कि गोली किसी को लगी नहीं। पुलिस ने युवक के पिता की शिकायत पर युवक के चाचा के खिलाफ हत्या प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
मामला 19 जून की देर रात का है। पुलिस को दी शिकायत में व्यक्ति ने बताया कि उसका लड़का और पड़ोस की एक लड़की दोनों लापता है। पड़ोसी कहते है कि तुम्हारा लड़का उनकी लड़की को लेकर गया है। इसी मामले को लेकर 19 जून की देर रात करीब साढ़े 10 बजे लड़की का चाचा उनके घर के बाहर आया और गाली-गलौज करने लगा। उसके हाथ में पिस्तौल थी। जब वह बाहर आया तो आरोपी ने उस पर गोली चला दी। वह बाल-बाल बच गया। जिसके बाद उसने शोर मचाया। आसपास के लोग एकत्रित हुए तो आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर वहां से फरार हो गया। जिसके बाद वह परिवार के अन्य सदस्यों के साथ थाने में पहुंचा और शिकायत दी। पुलिस भी आई और मौके का मुआयना किया। मामले में पुलिस ने आरोपी चाचा के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।