भिवानी। एक निजी बस चालक ने मंगलवार दोपहर हांसी गेट पर खूब हंगामा किया। पहले एक कार में टक्कर मारी। जिस पर विवाद हुआ और पौना घंटा तक जाम लगा रहा। जब उसे बस मुख्य मार्ग से साइड में करने के लिए कहा तो वह तेज रफ्तार से दौड़ा ले गया। अचानक बस तेज रफ्तार से भगाने के कारण वहां मौजूद पुलिस कर्मी, होम गार्ड के जवान व अन्य आमजन बाल-बाल बच गए। पुलिस ने हांसी रोड पर भाग रहे बस चालक को पकडने के लिए ट्रैफिक थाने में भी फोन किया। जिसके बाद हांसी रोड पर नाकेबंदी कर पुलिस ने बस चालक को पकड़ा।
मामला दोपहर करीब सवा एक बजे का है। तेज रफ्तार से हांसी गेट के नजदीक एक प्राइवेट बस पहुंची। यहां सबसे पहले एक कार में टक्कर मारी। कार चालक दिनोद रोड बालाजी कॉलोनी वासी बिजली कर्मचारी आशीष ग्रोवर ने बस चालक को नीचे उतरवाया। बीच सड़क बस खड़ी होने से जाम लग गया। बस चालक और गाड़ी चालक में नोक-झोंक भी हुई। ट्रैफिक पुलिस पहुंची तो बस चालक ने होम गार्ड के जवान के साथ भी कहासुनी की। करीब पौना घंटा हांसी गेट चौक पर हंगामा चला और लोगों की भीड़ लगी रही। कई लोग मोबाइल से वीडियो भी बना रहे थे। ट्रैफिक पुलिस ने बस चालक को बस साइड में लगाने को कहा। पुलिस कर्मचारी कर्ण सिंह, होमगार्ड का जवान विकास और संदीप को बस को साइड में लगवाने लगे तो अचानक बस चालक ने बस तेजी गति से दौड़ा दी और हांसी रोड पर भाग निकला। पुलिस कर्मी, होम गार्ड के जवान और अन्य बाल-बाल बचे। बाद में पुलिस ने इसकी सूचना ट्रैफिक पुलिस थाने में दी। जिसके बाद पुलिस लाइन के सामने नाका लगाकर बस चालक को पकड़ा गया।
नशे में था चालक, पहले कार में फिर ट्रैक्टर में भी मारी टक्कर
कार मालिक आशीष ग्रोवर ने बताया कि बस चालक नशे में था। शहर के व्यस्त चौक पर भी तेज रफ्तार से बस भगाकर टक्कर मारी। जब रुकवाया, तो उसके बाद भी पीछे ट्रैक्टर में टक्कर मारी। बाद में तेज रफ्तार से बस को भगा ले गया। उसकी कार में बस की टक्कर से काफी नुकसान हुआ है।
मामले में अभी कोई लिखित शिकायत नहीं आई है। कार चालक लिखित शिकायत मिलने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
इंस्पेक्टर विद्यानंद, एसएचओ, सिविल लाइन थाना