मृतकों के नाम पर बुढ़ापा पेंशन हड़पने पर केलंगा की पूर्व सरपंच फंसीं
अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। प्रशासन ने विकास कार्याें में गड़बड़ी करने व पेंशन हड़पने के मामले में शिकंजा कस दिया है। खरक खांडियान की सरपंच सोनिया पर केस दर्ज होने के बाद अब इस तरह के मामले में मृत व्यक्तियों के नाम पर पेंशन हड़पने के आरोप में सदर थाना पुलिस ने गांव केलंगा की पूर्व महिला सरपंच अशोक रानी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
गांव के ही रामकिशन ने उपायुक्त को दी शिकायत में गांव केलंगा की पूर्व सरपंच अशोक रानी पर मृत व्यक्तियों के नाम पर पेंशन हड़पने का आरोप लगाया था। उसका आरोप था कि वर्ष 2012 से 15 के बीच में गांव के 11 व्यक्ति मर चुके थे, लेकिन सरपंच ने समाज कल्याण विभाग से सांठगांठ कर इन मरे हुए व्यक्तियों के नाम पर पेंशन जारी करवाती रही। इस शिकायत पर प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दिए। जांच में पाया गया कि 11 व्यक्तियों को की मौत हो चुकी थी, लेकिन उसके बावजूद उनके नाम से पेंशन जारी होती रही। इस अवधि के दौरान 11 मृत व्यक्तियों की करीब 41 हजार रुपये की पेंशन पूर्व सरपंच ने हड़प कर ली। उपायुक्त ने जांच के बाद इस मामले में कार्रवाई के आदेश दिए। खरक कलां पुलिस चौकी द्वारा इस मामले में रामकिशन की शिकायत पर गांव की पूर्व महिला सरपंच अशोक रानी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
---
पुलिस को इस संबंध में लिखित में शिकायत मिली थी। जिसके आधार पर पूर्व महिला सरपंच के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
संजय कुमार, चौकी इंचार्ज खरक