ट्रक ने ऑटो को मारी टक्कर, एक की मौत, दूसरा गंभीर
अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी।
पेट दर्द की दवाई लेने के लिए जा रहे भट्टा मजदूर के ऑटो को सोमवार रात भिवानी-दादरी मार्ग पर सामने से आ रहे एक ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में एक भट्टा मजदूर की मौके पर मौत हो गई, जबकि ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सदर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की छानबीन की। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों के हवाले कर दिया। वहीं घायल धर्मेंद्र को पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है।
गांव कितलाना स्थित ईंट भट्टे पर कार्यरत सुपरवाइजर भरत सिंह ने बताया कि उसके पास भट्टे पर काम करने वाले उत्तर प्रदेश के जिला चित्रकूट निवासी हरीश (23) को सोमवार रात करीब 9 बजे पेट में तेज दर्द हुआ था। वह अपने साथी धर्मेंद्र के साथ ऑटो में सवार होकर गांव में ही डॉक्टर के पास दवाई लेेेने जा रहा था। इसी दौरान भिवानी-दादरी मुख्य मार्ग पर उनके ऑटो को भिवानी की तरफ से आ रहे एक ट्रक ने टक्कर मार दी। ट्रक की टक्कर से भट्टा मजदूर हरीश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ऑटो चला रहा धर्मेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद ट्रक चालक मौका पाकर वहां से फरार हो गया। दोनों को एंबुलेंस की सहायता से सामान्य अस्पताल पहुंचाया गया। वहां पर हरीश को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल धर्मेंद्र को पीजीआई रोहतक रेफर दिया। सदर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घटना की छानबीन की। पुलिस ने मंगलवार सुबह हरिश के शव का पोस्टमार्टम करवाए जाने के बाद परिजनों के हवाले कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।