दर्दनाक हादसा: अज्ञात वाहन ने दुकान पर सामान लेने जा रहे 10 साल के बच्चे को कुचला, मौत
Thu, 13 Jan 2022 08:34 PM IST
भूपेंद्र सिंह
संवाद न्यूज एजेंसी, बवानीखेड़ा, भिवानी (हरियाणा)
सार
भिवानी के जीताखेड़ी गांव की घटना में वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। परिवार गांवा सांडा सानी थाना कमासिन जिला बांदा उत्तरप्रदेश से आकर यहां रह रहा था।
हरियाणा के भिवानी जिले के बवानीखेड़ा क्षेत्र के गांव जीताखेड़ी में गुरुवार सुबह दुकान से सामान लेने जा रहे एक 10 वर्षीय लड़के की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई। परिजन शव को साथ लेकर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ शिकायत देने बवानीखेड़ा पुलिस स्टेशन पहुंचे।
विज्ञापन
पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयानों पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर शव को कब्जे में ले पोस्टमार्टम के लिए भिवानी के सामान्य अस्पताल भिजवा दिया है। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है। मृतक के परिजनों ने बताया कि वे जीताखेड़ी हनुमान ईंट भट्ठे पर उत्तरप्रदेश के जिला बांदा के गांव सांडा सानी थाना कमासिन से आकर मेहनत मजदूरी का कार्य करते हैं।
उनका कल्लू नामक 10 वर्षीय लड़का चार बच्चों के साथ सुबह दुकान से सामान लेने जा रहा था। सड़क किनारे पहुंचे तो कल्लू को पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजन शव को लेकर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई को लेकर बवानीखेड़ा पुलिस स्टेशन पहुंचे।
विज्ञापन
बवानीखेड़ा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर हरिओम ने बताया की गुरुवार सुबह गांव जीताखेड़ी में सड़क हादसे में एक 10 वर्षीय लड़के की मौत की उन्हें सूचना मिली थी। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ परिजनों के बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।