एक युवक से दो रुपये प्रति माह सैकड़ा ब्याज पर दस लाख रुपये लेकर वापस मांगने पर गाड़ी से कुचलने की धमकी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने मामले की शिकायत एसपी को दी। जिसके बाद लोहारू पुलिस थाने में मां-बेटे के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज हुआ है।
कस्बा लोहारू के वार्ड नंबर आठ निवासी सुभाषचंद्र ने पुलिस थाने में दी शिकायत में बताया कि कस्बे के ही संजय सैनी और उसकी मां मंजू देवी ने उसके घर आकर अपनी दुकान पर काम बढ़ाने के लिए दस लाख रुपये उधार मांगे थे। इस पर उसने अपनी संपत्ति की बिक्री की गई रकम में से दस लाख रुपये तीन अप्रैल 2017 को दो रुपये प्रति माह सैकड़ा के हिसाब से ब्याज पर दिए थे। संजय सैनी और उसकी मां मंजू देवी ने दस लाख रुपये ब्याज पर लेने के बाद यह भी इकरार किया था कि या तो उसे दस लाख रुपये ब्याज सहित लौटा देंगे अन्यथा सरकारी रेट पर दुकान उसके नाम करवा देंगे।
सुभाषचंद्र का आरोप है कि करार के मुताबिक तीन जुलाई 2018 को न तो उसके रुपये लौटाए और न उसे ब्याज की राशि का भुगतान किया। आरोप है कि मां-बेटे ने मिलकर दुकान को सावित्री देवी नामक महिला को बेच दिया। जब वह अपने दस लाख रुपये और ब्याज की राशि लेने उनके घर पहुंचा तो उसे गाड़ी से कुचलने की धमकी दी और दोबारा पैसे मांगने आने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित सुभाषचंद्र ने मामले की शिकायत एसपी के समक्ष की। जिसकी प्रारंभिक जांच के बाद लोहारू पुलिस थाने में आरोपी मां-बेटे के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है।