लाइनमैन को बदले जाने के विरोध में बिजली निगम में प्रदर्शन करते पातवान के ग्रामीण।
बहल। पातवान गांव में कार्यरत बिजली निगम के लाइनमैन ईश्वर सिंह का तबादला सेरला गांव कर दिए जाने से ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई। उपभोक्ताओं ने इस तबादले को अनुचित बताते हुए बिजली निगम कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और मांग की कि ईश्वर सिंह को पुन: पातवान गांव में ही नियुक्त किया जाए।
शुक्रवार को बड़ी संख्या में पातवान गांव के ग्रामीण बिजली निगम कार्यालय पहुंचे और एसडीओ से मुलाकात कर विरोध जताया। ग्रामीणों का कहना था कि ईश्वर सिंह काफी समय से गांव में कार्यरत हैं, उन्हें गांव की बिजली व्यवस्था, उपभोक्ताओं की समस्याओं और भौगोलिक स्थिति की पूरी जानकारी है। उनकी कार्यशैली से पूरा गांव संतुष्ट है, ऐसे में उनका स्थानांतरण सेवाओं को प्रभावित करेगा और नए लाइनमैन को स्थिति समझने में समय लगेगा।
ग्रामीणों ने कहा कि सेवाओं में किसी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए लेकिन यदि ईश्वर सिंह की नियुक्ति गांव में नहीं की जाती तो वे आंदोलन तेज करेंगे। ग्रामीण धर्मेन्द्र लाखलाण, रवि, मनोज, ईश्वर, राज, संजय सहित कई अन्य लोगों ने बताया कि एसडीओ ने उन्हें आश्वस्त किया कि गांव की सेवाएं प्रभावित नहीं होने दी जाएंगी और नियमानुसार लाइनमैन की नियुक्ति की जाएगी। इसके बावजूद ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए अपनी मांग पर अड़े रहने का ऐलान किया।