भिवानी। अब हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) के परीक्षा केंद्रों में विद्यालय और शिक्षण संस्थान कोई बदलाव नहीं करा सकेंगे। शिक्षा विभाग एवं हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से एचटेट-2024 का आयोजन 30 व 31 जुलाई को कराया जाएगा। 30 जुलाई को लेवल-3 (पीजीटी) एवं 31 जुलाई को लेवल-2 (टीजीटी) व लेवल-1 (पीआरटी) की परीक्षा होगी। शिक्षा बोर्ड द्वारा प्रदेशभर के विभिन्न विद्यालय एवं संस्थानों में कुल 673 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। परीक्षा की अनिवार्यता के दृष्टिगत विद्यालय एवं संस्थान उनके भवन में स्थापित परीक्षा केंद्रों में कोई भी बदलाव नहीं करवा सकेंगे।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार, उपाध्यक्ष सतीश कुमार एवं सचिव डॉ. मुनीश नागपाल ने बताया कि एचटेट 2024 का संचालन 26 व 27 जुलाई के स्थान पर अब 30 व 31 जुलाई को होगा। उन्होंने बताया कि विद्यालय व संस्थानों के मुखियाओं द्वारा 26 व 27 जुलाई के लिए दी गई सहमति के आधार पर ही 30 व 31 जुलाई के लिए उनके भवन में परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं।
परीक्षा के सफल संचालन के लिए विद्यालय एवं संस्थान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं करना सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि विद्यालय एवं संस्थान में स्थापित परीक्षा केंद्रों को किसी भी अवस्था में नहीं बदला जाएगा। इस बारे सभी विद्यालय व संस्थान मुखियाओं को शिक्षा बोर्ड कार्यालय की ओर से पत्र के माध्यम से भी सूचित किया जा चुका है। ज्ञात रहे कि लेवल-3 (पीजीटी) की परीक्षा 30 जुलाई (बुधवार) को सायंकालीन सत्र में तीन बजे से 5:30 बजे तक होगी, लेवल-2 (टीजीटी) की परीक्षा 31 जुलाई (वीरवार) को प्रात: कालीन सत्र में 10 बजे से 12:30 बजे तक तथा लेवल-1 (पीआरटी) की परीक्षा भी इसी दिन यानि 31 जुलाई (वीरवार) को सायंकालीन सत्र में तीन बजे से 5:30 बजे तक होगी। सभी अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र जल्द ही बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर उपलब्ध होंगे।