भिवानी। पेट्रोल-डीजल के दामों में वृद्धि और नए कृषि कानूनों के विरोध में रविवार को कांग्रेसी सड़क पर उतरे और शहर में प्रदर्शन करते हुए पदयात्रा निकाली। वक्ताओं ने पेट्रोल के दाम 100 और डीजल के 90 रुपये प्रति लीटर पहुंचने पर नाराजगी और चिंता जाहिर की।
कांग्रेस विधायक दल की पूर्व नेता किरण चौधरी एवं कांग्रेस नेतृत्व के निर्देशानुसार रविवार को नेहरू पार्क में विरोध प्रदर्शन और पदयात्रा निकाली गई। नेहरू पार्क से केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रोष जताया। पैदल यात्रा नेहरू पार्क से शुरू होकर हांसी गेट होते हुए पुराना बस अड्डे तक पहुंची। पदयात्रा में पूर्व विधायक, विधानसभा चुनाव में पार्टी प्रत्याशी, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। इससे पहले नेहरू पार्क में हुई सभा की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आब्जर्वर एवं कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट के प्रदेश चेयरमैन लाल बहादुर खोवाल ने की।
खोवाल ने राहुल गांधी को दूरदर्शी नेता बताया और कहा कि नोटबंदी से लेकर कोरोना महामारी तक बार-बार राहुल गांधी सरकार को सचेत कर रहे हैं और बार-बार ट्वीट करके भी सरकार को सचेत किया। लेकिन सरकार ने उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लिया। खोवाल ने कहा कि पेट्रोल के कच्चे तेल की कीमत 29.34 रुपये, जिस पर 52.90 रुपये यानी डेढ़ गुना ज्यादा टैक्स सरकार वसूल रही है। इसी तरह डीजल के कच्चे तेल की कीमत 30.50 रुपये हैं और टैक्स 43.10 रुपये वसूला जा रहा है। इस वर्ष 19 बार तेल की कीमत बढ़ाई। कांग्रेस पार्टी किसान, मजदूर, व्यापारी, शोषित, वंचित, पिछड़ा वर्गों की लड़ाई सड़क से लेकर विधानसभा व लोकसभा तक लड़ रही है। पूर्व विधायक सोमवीर सिंह व रामकिशन फौजी ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और महंगाई ने लोगों का जीना हराम कर दिया। बैल गाड़ी में खाली सिलिंडर, चूल्हा और लकड़ी रखकर पदयात्रा निकाली गई। पदयात्रा में जिला समन्वयक शीशराम मेचू, देवराज महता, कृष्ण लेघा, सविता मान, वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरिसिंह सांगवान, शीशराम चेयरमैन, परमजीत मड्ढू, अशोक ढोला, दिलबाग निमड़ी, रविंद्र खरे, कल्लू भट्ट, दीपेश सारसर, मुकेश पहाड़ी, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सत्यजीत पिलानिया, बलवान एमसी, अमित गाबा, जगदीप सांगवान, पप्पू विनोद, निर्मल गुड़िया, रामू जेवडीवाला, बलजीत जोगी, राजीव वधवा, सुभाष गोलागढ आदि मौजूद रहे।