तोशाम। तोशाम की आरा मशीनों पर चल रहे हरे पेड़ों की कटाई के खेल का मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने खुलासा किया है। टीम ने वीरवार की सुबह तोशाम के जुई मोड़ पर छापा मारा। जहां से हरे पेड़ों से भरी 36 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां व गाड़ियां बरामद कीं। इनमें से 32 गाड़ियों को इंपाउंड कर उनके खिलाफ पंजाब लैंड प्रिजर्वेशन एक्ट 1900 की धारा चार के तहत कार्रवाई की गई। ये लकड़ियां तोशाम के साथ लगते राजस्थान व अन्य जगहों से लाई जा रही थीं।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ते को शिकायत मिली थी की तोशाम में हर रोज हरी लकड़ियां कटकर आरा मशीनों पर बेची जाती हैं, जबकि सरकार की ओर से हरी लकड़ियों को काट कर बेचना प्रतिबंधित है। कुछ व्यक्ति खेतों से हरी लकड़ियां काटकर सरकार के आदेशों की अवहेलना करते हुए तोशाम में बेच रहे थे। शिकायतों पर सीएम फ्लाइंग टीम ने भिवानी वन विभाग के अधिकारियों की साथ कार्रवाई की। इस दौरान कटे हरे पेड़ों से भरी 36 गाड़ियों को मौके पर पकड़ा है, जिनमें से 32 गाड़ियों के खिलाफ वन विभाग की तरफ से कैलाश चंद्र रेंज ऑफिसर भिवानी व टीम को मौके पर बुलाकर गाड़ी मालिकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पर्यावरण अदालत कुरुक्षेत्र में शुक्रवार को इन्हें पेश किया जाएगा। चार गाड़ियां जिनमें अथलस, जंगली नीम जो सरकार के कानून के अनुसार कोई भी आदमी अपने खेत से काट कर बेच सकता है, जिनका कोई चालान नहीं किया जा सकता, को छोड़ दिया है। कुल 32 गाड़ियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इंस्पेक्टर आजाद सिंह ढांडा मुख्यमंत्री उड़नदस्ता रोहतक के नेतृत्व में राजवीर सिंह उप निरीक्षक, अनूप सिंह उप निरीक्षक, सतपाल सिंह उप निरीक्षक, नरेंद्र एएसआई, मुख्य सिपाही कृष्ण कुमार, मुख्य सिपाही प्रदीप व वन विभाग की तरफ से कैलाश चंद्र रेंज ऑफिसर भिवानी व जयपाल राठी रेंज अफसर तोशाम की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की है।
तोशाम में हैं 200 से ज्यादा आरा मशीनें
तोशाम में जुई व सिवानी मार्ग पर 200 के करीब आरा मशीनें हैं। जिन पर हर रोज लकड़ियां आती हैं। तोशाम के जुई मार्ग पर हर रोज 200 से 300 गाड़ियां राजस्थान व साथ लगते इलाके से आती हैं। तोशाम में लकड़ियों का हर रोज 30 से 40 लाख रुपये के व्यापार होने का अनुमान लगाया जा रहा है। एक गाड़ी में 10 से 15 हजार की लकड़ियां आती हैं। उधर, वन विभाग की नाक के नीचे हर रोज 200 से 300 गाड़ियों में हरी लकड़ियां काटकर लाई जाती हैं। तोशाम में बोली लगाकर इन्हें बेचा जाता है। हर रोज 30 से 40 लाख के करीब की लकड़ियों का व्यापार होता है। ऐसे में वन विभाग के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
बयान ---
तोशाम में हरी लकड़ियां कट कर आ रही हैं, इस बारे में बहुत शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए वीरवार को तोशाम में कार्रवाई की गई। इस दौरान 36 गाड़ियां पकड़ीं। आगे भी यह अभियान चलता रहेगा।
- आजाद सिंह ढांडा, इंस्पेक्टर, मुख्यमंत्री उड़न दस्ता
बयान ---
36 गाड़ियां पकड़ी थीं, जिनमें 32 इंपाउंड कर दी हैं। सभी को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा। पहले भी तोशाम में इस तरह लकड़ी बेचने वालों पर कार्रवाई की गई थी।
- जयपाल राठी, रेंज ऑफिसर