गांव धनाना में बरसाती पानी निकासी व्यवस्था के निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों से बातचीत करते सीजेएम
भिवानी। मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम)-कम-सह सचिव पवन कुमार ने गांव धनाना में जाकर ग्रामीणों को खाद्य सामग्री वितरित की और बरसाती पानी निकासी की समस्याओं का जायजा लिया। मौके पर ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए।
सीजेएम पवन कुमार ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बरसात के दिनों में सबसे बड़ी समस्या जलभराव की होती है। गांव धनाना के कई मोहल्लों में बरसात के बाद पानी जमा होने से लोगों को आवाजाही में कठिनाई का सामना करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण का उद्देश्य केवल न्याय उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि लोगों की सामाजिक समस्याओं के समाधान में सहयोग देना भी है।
निरीक्षण के बाद डीएलएसए की ओर से ग्रामीणों को खाद्य सामग्री वितरित की गई। पवन कुमार ने कहा कि विधिक सेवाएं प्राधिकरण समय-समय पर समाज के कमजोर वर्गों तक पहुंचकर उन्हें राहत सामग्री उपलब्ध कराता है। इस अवसर पर गांव के गणमान्य नागरिक, पंचायत प्रतिनिधि और डीएलएसए स्टॉफ भी मौजूद रहे।