civic,issuse,building construction
- फोटो : Bhiwani
नगर योजनाकार विभाग ने शहरी क्षेत्र मोजा देवसर, भिवानी-लोहारू रोड पर चार एकड़ में क्षेत्र में अवैध रूप से बनाई गई कॉलोनी में निर्माण हटाने का अभियान चलाया। विभाग ने पुलिस बल के साथ जेसीबी मशीन से 13 चहारदीवारी को तोड़ा।
जिला नगर योजनाकार राजकीर्ति ने बताया कि अवैध कब्जे हटाने के लिए तहसीलदार मोहन लाल भिवानी को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया था। ड्यूटी मजिस्ट्रेट व पुलिस बल को साथ लेकर जिला भिवानी शहरी क्षेत्र मोजा देवसर, भिवानी-लोहारू रोड पर चार एकड़ में फैली एक अवैध कॉलोनी से अवैध 13 चहारदीवारियों को जेसीबी मशीन से तोड़ा गया। उन्होंने बताया कि अवैध निर्माण करना गैर कानूनी कार्य है। इसकी इजाजत किसी को नहीं है। उन्होंने नागरिकों से शहर में कहीं भी सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण नहीं करने व अवैध कॉलोनी काटने वाले प्रॉपर्टी डीलरों के बहकावे में नहीं आने की अपील की है। इसके अलावा अनुसूचित सड़कों एवं बाईपास की हरित पट्टी में किसी भी तरह का निर्माण न करें। अगर कोई ऐसा करता है तो उसके खिलाफ विभागीय कार्यवाही नियमानुसार अमल में लाई जाएगी। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा अवैध निर्माण की जानकारी जुटाई जा रही है और अवैध निर्माण हटाने का यह अभियान जारी रहेगा।